ग्वालियर की जो सड़कें तीन साल में नहीं बन सकीं, रातों रात चमक गई, कांग्रेस ने लगाए अमित शाह वापस जाओ के नारे, हाथ से भरे गड्ढे

कांग्रेस नेताओं ने कहा आज सड़कों का ये हाल हो गया है कि शहर की सड़कों में गड्ढे हैं या गड्ढों में सड़कें हैं पता लगाना मुश्किल है इसलिए यदि सरकार सड़कें नहीं बनाएगी तो कांग्रेस सड़क के गड्ढों को भरने का काम करेगी।
Gwalior Congress protest

Gwalior Congress protest

ग्वालियर शहर की बदहाल सड़कों का मुद्दा एक बार फिर से जिंदा हो गया है, ग्वालियर में केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह के दौरे को देखते हुए ग्वालियर नगर निगम प्रशासन ने सड़कों को रातों रात ऐसा चमका दिया है जैसी सड़कें लोगों की कल्पना में होती हैं, लेकिन ध्यान देने वाली बात ये है कि सड़कें वही चमकाई गई है जहाँ अमित शाह पहुंचेंगे, बाकी शहर की जनता अभी भी गड्ढे वाली सड़कों पर ही चल रही है ऐसे में कांग्रेस ने आज गड्ढा भरो प्रदर्शन किया और अमित शाह वापस जाओ के नारे लगाए।

ग्वालियर नगर निगम को बने हुए तीन साल हो गए इन वर्षों ने अनगिनत बार शहर की खस्ता हाल सड़कों का मामला उठा, प्रदर्शन हुए, मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव, प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, सांसद भारत सिंह, स्थानीय मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर , नारायण सिंह कुशवाह सभी ने सड़कों की दशा को सुधारने के वादे किये लेकिन नतीजा शून्य रहा लेकिन अब अमित शाह के दौरे ने इन सड़कों को चमका दिया है।

नगर निगम ने रातों रात बदल दी सड़कों की काया

हालाँकि इसमें  जनता के साथ धोखा हो रहा है, जहाँ जहाँ से वीवीआईपी यानि अमित शाह का काफ़िला गुजरेगा उन सड़कों को कांच की तरह चमका दिया है, नगर निगम का अमला इन सड़कों की ऐसा बनाने में लगा है कि कार में बैठे अमित शाह को कोई झटका नहीं लगने पाए, नगर निगम के अचानक लाखों रुपये बहाये जाने पर जनता सवाल कर रही है कि हमारे लिए पैसा नहीं है अब कहाँ से आ गया।

कांग्रेस ने भरे गड्ढे, लगाए अमित शाह वापस जाओ के नारे

उधर कांग्रेस ने भी जनता का मूड भांपते हुए आज अपने हाथों से गड्ढे भरने का कार्यक्रम बनाते हुए प्रदर्शन किया, जिला अध्यक्ष सुरेंद्र यादव के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने फावड़े से मिट्टी भरी और सड़कों के गड्ढों को भरने का काम किया हालॉंकि ये प्रदर्शन सांकेतिक था लेकिन कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता जोश में थे और अमित शाह वापस जाओ के नारे भी लगा रहे थे।

VVIP की रुट की सड़कें चमकाई

दरअसल कल 25 दिसंबर को पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती के मौके प्रदेश सरकार द्वारा ग्वालियर के व्यापार मेला मैदान में आयोजित अभ्युदय MP ग्रोथ समिट में शामिल होने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह एक दिन पहले 24 दिसंबर को ग्वालियर गए हैं वे , उनके साथ मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर सहित प्रदेश सरकार के कई कैबिनेट मंत्री भी ग्वालियर में डेरा जमा चुके हैं, नेताओं के दौर को देखते हुए वीवीआईपी रूट की सड़कों को नई नवेली दुल्हन की तरह तैयार किया गया है।

..तो कांग्रेस भरेगी सड़कों के गड्ढे

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि वीआईपी आ रहे हैं तो सड़कों को चमका दिया गया अब इनके पास पैसा कहाँ से आ गया लेकिन जनता परेशान है उसकी चिंता किसी को नहीं है। कांग्रेस नेताओं ने कहा आज सड़कों का ये हाल हो गया है कि शहर की सड़कों में गड्ढे हैं या गड्ढों में सड़कें हैं पता लगाना मुश्किल है इसलिए यदि सरकार सड़कें नहीं बनाएगी तो कांग्रेस सड़क के गड्ढों को भरने का काम करेगी।

अतुल सक्सेना की रिपोर्ट 

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews