ITI में प्रवेश के लिए पंजीयन 22 अगस्त तक, पहले आओ पहले पाओ के सिद्धांत पर मिलेगा प्रवेश

संस्थान स्तर पर उपलब्ध सीटों के आधार पर 26 अगस्त को मेरिट सूची जारी की जाएगी तथा जिन विद्यार्थियों के नाम मेरिट सूची में सम्मिलित होंगे उन्हें प्रवेश प्रदान किया जाएगा।
Gwalior ITI

तकनीकी क्षेत्र में अपना करियर बनाने की इच्छा रखने वाले विद्यार्थियों के लिए अच्छी खबर है, ग्वालियर जिले में संचालित शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था (आईटीआई) में रिक्त सीटों पर प्रवेश के लिए पंजीयन प्रक्रिया जारी है । आईटीआई करने के इच्छुक विद्यार्थी अपना पंजीयन 22 अगस्त तक करा सकते हैं।

शासकीय आईटीआई ग्वालियर के प्राचार्य एम के आर्य ने बताया कि राज्य शासन के कौशल विकास संचालनालय द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों के अंतर्गत, रिक्त सीटों पर प्रवेश देने के लिये सीएलसी राउंड एवं पहले आओ पहले पाओ राउंड की प्रक्रिया शुरू की गई है। इस प्रक्रिया के अंतर्गत, ऐसे विद्यार्थी जिन्होंने अब तक प्रवेश नहीं लिया है, उन्हें सीधे प्रवेश प्राप्त करने का अवसर उपलब्ध कराया जा रहा है।

25 अगस्त को मूल दस्तावेजों के साथ उपस्थिति अनिवार्य 

इच्छुक विद्यार्थियों को 22 अगस्त तक अनिवार्य रूप से ऑनलाइन पंजीयन एवं चॉइस फिलिंग की प्रक्रिया पूर्ण करना होगी। पंजीयन के दौरान विद्यार्थी अपनी पसंद के निकटतम शासकीय आईटीआई तथा ट्रेड (जैसे – कोपा, इलेक्ट्रिशियन, फिटर आदि) का चयन कर सकते हैं। इसके बाद विद्यार्थियों को 25 अगस्त को अपनी चुनी हुई संस्था (आईटीआई) में मूल दस्तावेजों सहित उपस्थित होना अनिवार्य होगा।

खाली सीटों की जानकारी 29 अगस्त को प्रकाशित होगी 

यदि सीएलसी राउंड के बाद भी सीटें खाली रह जाती हैं, तो उनकी जानकारी 29 अगस्त को प्रकाशित की जाएगी। उस दिन निर्धारित समय पर संबंधित आईटीआई में उपस्थित होने वाले विद्यार्थियों को उसी समय “पहले आओ पहले पाओ” के तहत प्रवेश दे दिया जाएगा।

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews