संविधान बचाओ रैली में बोले जीतू पटवारी, संविधान की रक्षा के लिए कांग्रेस कार्यकर्ता खून की अंतिम बूंद तक लड़ेगा

जीतू पटवारी ने केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया पर निशाना साधते हुए कहा कि जब सिंधिया विधायकों का दल बदल कराया, चुनी हुई सरकार गिराई, आपके वोट को चुनौती दी संविधान को धता बताया तो बताओ ये संविधान खतरे में नहीं है तो क्या है ?
Save Constitution Rally Congress Gwalior

Congress Save Constitution Rally Gwalior: कांग्रेस पार्टीं इन दिनों देश में जगह जगह जय बापू, जय भीम, जय संविधान कार्यक्रम के तहत संविधान बचाओ रैली का आयोजन कर रही है, इसी क्रम में आज ग्वालियर में ये रैली आयोजित की गई जिसमें शामिल नेताओं ने कार्यकर्ताओं से संविधान बचाने के लिए जी जान से जुटने की अपील की।

कांग्रेस नेताओं ने ग्वालियर के मंच से एक बार फिर भारतीय जनता पार्टी पर संविधान की हत्या करने का आरोप लगाया, प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने प्रदेश में दलित अत्याचार, आदिवासी अत्याचार, महिला अत्याचार, किसान अत्याचार सहित इन सबके अधिकारों को छीनने के आरोप भारतीय जनता पार्टी पर लगाये।

जीतू पटवारी ने कहा कि आज पूरे देश में संविधान बचाने की बात हो रही है, कांग्रेस पार्टी संविधान और देश के सम्मान को बचाने की बात कर रही है, देश के संविधान की रक्षा के सिपाहियों को तैयार करने की बात कर रही है, हमारे बुजुर्ग देश की आजादी के लिए लड़ाई लड़ते रहे, शहादत देते रहे, हमारे महापुरुषों ने संविधान बचाया और आज उसकी हत्या हो रही है।

उदाहरण देकर बताया संविधान की रक्षा क्यों जरूरी है 

जीतू पटवारी ने कहा आज देश के संविधान को बचाने की बहुत जरुरत है उन्होंने उपस्थित जन समूह से पूछा, संविधान की रक्षा के लिए खून की अंतिम बूंद तक जान देनी पड़ी तो तैयार रहोगे?आवाज आई रहेंगे। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा आज सुबह मैं मुरैना गया था वहां सुमावली विधानसभा में 14 अप्रैल को एक दलित को इसलिए मार दिया गया क्योंकि वो बाबा साहब के जन्मदिन पर डीजे रहा था, उसे मारने वाले इस सरकार में मंत्री के समर्थक थे इसलिए संविधान बचाने की जरुरत है।

जीतू पटवारी ने निशाने पर मोदी सरकार   

जीतू पटवारी ने पहलगाम हमले की बात करते हुए कहा कि इस मामले में राहुल गांधी कह चुके हैं आतंकवादियों पर एक्शन के लिए सरकार जो निर्णय लेगी हम उसके साथ हैं लेकिन ये सरकार तो एक एक बदले 10 सिर लाने के लिए बनी थी, चीन को लाल आंख दिखाने के लिए ये सरकार बनी थी तो फिर क्या हुआ ? कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा जब पूरा देश बदला लेने की बात कर रहा है तो सरकार मेमनी क्यों बनी हुई है?

देश प्रदेश के कई नेताओं ने रैली को संबोधित किया 

रैली को दिग्विजय सिंह, अरुण यादव,  उमंग सिंघार, जयवर्धन सिंह, हेमंत कटारे, सुप्रिया श्रीनेत सहित प्रदेश के कई सांसदों विधायकों ने भी संबोधित किया, सभी के निशाने पर भाजपा और केंद्र की मोदी सरकार थी।

ग्वालियर से अतुल सक्सेना की रिपोर्ट 

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews