एमपी विधानसभा चुनाव 2023 के लिए ग्वालियर में दिग्गजों ने दाखिल किये नामांकन फॉर्म, भाजपा और कांग्रेस ने किये अपनी अपनी जीत के दावे

MP Election 2023

MP Election 2023 : मप्र विधानसभा चुनाव में नामांकन फॉर्म भरने के लिए शेष बचे दो दिनों में से आज ग्वालियर कलेक्ट्रेट पर भारी भीड़ देखने को मिली, भाजपा कांग्रेस सहित अन्य राजनीतिक दलों के प्रत्याशियों के अलावा निर्दलीय प्रत्याशियों ने नामांकन फॉर्म दाखिल किये, खास बात ये है कि भाजपा प्रत्याशियों ने जहाँ दो तिहाई बहुमत के साथ सरकार बनाने का दावा किया वहीं कांग्रेस प्रत्याशियों ने कहा कि इस बार फिर कमलनाथ ने नेतृत्व में कांग्रेस की सरकार बन रही है।

ग्वालियर में भाजपा कांग्रेस के प्रत्याशियों ने दाखिल किये नामांकन  

मप्र विधानसभा चुनाव के लिए आज ग्वालियर जिले की सीटों से भाजपा और कांग्रेस के दिग्गजों ने नामांकन फॉर्म दाखिल  किये, ग्वालियर कलेक्ट्रेट में आज भाजपा प्रत्याशी पूर्व मंत्री नारायण सिंह कुशवाह ने ग्वालियर दक्षिण विधानसभा से, पूर्व मंत्री इमरती देवी ने डबरा विधानसभा सीट से, मोहन सिंह राठौर ने भितरवार विधानसभा सीट से नामांकन दाखिल किया  तो वहीँ पूर्व मंत्री लाखन सिंह ने कांग्रेस के टिकट से भितरवार विधानसभा सीट से और साहब सिंह गुर्जर ने ग्वालियर ग्रामीण विधानसभा सीट से नामांकन दाखिल किये।

भाजपा का दावा 160 सीट जीतेंगे, कांग्रेस बोली कमलनाथ के नेतृत्व में कांग्रेस  की सरकार बनेगी 

सभी प्रत्याशियों ने अपनी अपनी जीत के दावे किये और विपक्षी प्रत्याशी पर हमले किये, भाजपा ने 160  सीट जीतने का दावा किया तो वहीँ कांग्रेस ने कमलनाथ के नेतृत्व में सरकार बनाने का दावा किया किया, प्रत्याशियों ने जीत के बाद अपनी प्राथमिकतायें भी गिनाई।

पूर्व मंत्री लाखन सिंह ने कहा कि मेरी भितरवार विधानसभा में पानी की समस्या है सिंचाई के लिए पानी किसानों को नहीं मिलता, मैंने 15 महीने की सरकार में इसके लिए प्रयास किये, आदेश भी जारी होने वाले थे लेकिन सरकार गिरा दी गई लेकिन अब पूरी मजबूती से सरकार आयेगी मैं ये काम कराकर समझूंगा कि मेरी विधायकी पूरी हो गई, उधर भितरवार से पांचवी बार चुनाव लड़ रहे विधायक लाखन सिंह के सामने भाजपा के टिकट पर मोहन सिंह राठौर हैं ये पहली बार चुनाव लड़ रहे हैं, मोहन सिंह ने लाखन सिंह पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाये हैं।

ग्वालियर दक्षिण विधानसभा से एक बार फिर चुनाव मैदान में उतरे पूर्व मंत्री नारायण सिंह कुशवाह ने कहा कि हमारी सरकार के कार्यकाल में प्रदेश में हुए विकास कार्यों के कारण जनता एक बार फिर भाजपा की सरकार बनाने जा रही है, उन्होंने दावा किया कि 160 सीटें भाजपा की आने वाली हैं, नारायण सिंह ने उनके क्षेत्र से वर्तमान विधायक और कांग्रेस प्रत्याशी प्रवीण पाठक पर क्षेत्र में एक भी विकास कार्य नहीं कराने के आरोप लगाये।

डबरा सीट से भाजपा के टिकट पर फिर चुनाव लड़ रही पूर्व मंत्री इमरती देवी ने भी आज नामांकन फॉर्म दाखिल किया , उन्होंने कहा कि मुझे भाजपा के सभी बड़े नेताओं का आशीर्वाद मिला है और जनता का प्यार मिला है,डबरा की जनता मेरे साथ है और डबरा से भाजपा की जीत निश्चित है उन्होंने कसी भी तरह के विरोध से इंकार किया, उधर ग्वालियर ग्रामीण विधानसभा सीट से कांग्रेस के प्रत्याशी साहब सिंह गुर्जर ने कहा कि मेरे क्षेत्र की जनता भारत सिंह से परेशान है, मैं नेता नहीं हैं मैं इनका भाई हूँ और क्षेत्र के लिएय लम्बे समय से काम कर रहा हूँ, उन्होंने कहा कि पिछली बार यहाँ त्रिकोणीय संघर्ष हुआ था लेकिन इस बार कोई संघर्ष नहीं है जीत सिर्फ कांग्रेस की होगी और कमलनाथ के नेतृत्व में  कांग्रेस की सरकार बनेगी।

ग्वालियर से अतुल सक्सेना की रिपोर्ट 

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews