माँ- बेटी ने किया आत्मदाह का प्रयास तब जागी पुलिस, दुष्कर्म पीड़िता को धमकाने वाला आरोपी गिरफ्तार

माँ- बेटी ने किया आत्मदाह का प्रयास तब जागी पुलिस, दुष्कर्म पीड़िता को धमकाने वाला आरोपी गिरफ्तार

Gwalior News : आखिरकार ग्वालियर पुलिस नींद से जागी और दुष्कर्म पीड़िता और उसकी माँ को प्रकरण वापस लेने वाले की धमकी देने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आपको बता दें कि कल गुरुवार को माँ बेटी ने एसपी ऑफिस के बाहर खुद पर पेट्रोल छिड़ककर आत्मदाह का प्रयास किया था। माँ का आरोप था कि जिस आरोपी ने उसकी बेटी का अपहरण कर दुष्कर्म किया था अब वो उसे धमका रहा है और हम पर केस वापस लेने का दबाव बना रहा है और शिकायत के बाद भी पुलिस कुछ नहीं कर रही, इसलिए मर जाना ही बेहतर है, जिसके बाद एसपी ने कार्रवाई के निर्देश दिए और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

एक महिला ने अपनी बेटी के साथ कल गुरुवार 01 जून को एसपी ऑफिस में आत्मदाह करने का प्रयास किया था लेकिन  वहां मौजूद पुुलिसकर्मियों ने उसे बचा लिया और एसपी के सामने प्रस्तुत किया। महिला ने एसपी राजेश सिंह चंदेल को बताया कि उसकी बेटी का बलात्कार का प्रकरण न्यायालय में चल रहा है। जिस पर से आरोपीगणों द्वारा बेटी पर प्रकरण वापस लेने का दबाब बनाकर जान से मारने की धमकी दी जा रही है और पुलिस कोई सुनवाई नहीं कर रही। एसपी ने महिला की तकलीफ को सुनकर एडिशनल एसपी ऋषिकेश मीणा को उक्त आरोपी को तत्काल गिरफ्तार करने हेतु निर्देशित किया।

वरिष्ठ अधिकारियो का निर्देश मिलने के बाद बहोड़ापुर थाना टी आई जितेन्द्र तोमर ने आरोपी के खिलाफ प्रकरण पंजीबद्ध कर अपने फ़ोर्स को आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगाया। पुलिस टीम ने तत्काल कार्यवाही करते हुये मुखबिर की सूचना पर धमकी देने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपी से अन्य आरोपीगणों के संबंध में पूछताछ की जा रही हैै।

गौरतलब है कि 05 सितम्बर 2019 को झांसी रोड थाने में फरियादी मोहन सिंह पारदी द्वारा रिपोर्ट की गई थी कि मेरी 14 वर्ष की बेटी बिना बताये घर से कही चली गई है मुझे शक है कि एक लडका जो कि विक्की फैक्ट्री के पास रहता है वह बहला फुसलाकर कही ले गया है। शिकायत के बाद पुलिस ने प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लेकर गुम बालिका को बरामद कर न्यायालय में पेश किया। गुम बालिका ने न्यायालय के समक्ष बयान दिया कि उसके साथ बलात्कार किया गया है जिस पर से न्यायालय से आदेश पर थाना झॉसी रोड में धारा 376,366 पास्को एक्ट इजाफा कर चालान काटकर न्यायालय में प्रकरण विचाराधीन है।

पीड़िता और उसकी माँ के मुताबिक न्यायालय में ये प्रकरण विचाराधीन है, लेकिन आरोपीगण उसे लगातार धमकी दे रहे हैं कि पुलिस में की शिकायत को वापस ले लो, उन्होंने बहोड़ापुर थाने में शिकायत की लेकिन पुलिस ने कोई सुनवाई नहीं की, जिससे परेशान होकर दोनों ने कल गुरुवार को एसपी ऑफिस के बाहर आत्मदाह का प्रयास किया था।

ग्वालियर से अतुल सक्सेना की रिपोर्ट 

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews