सीएम शिवराज का कमल नाथ पर तंज- “बारीक़ पीसने वाली चक्की ने उनकी ही सरकार को पीस दिया”, विपक्षी गठबंधन पर भी ली चुटकी

सीएम शिवराज का कमल नाथ पर तंज- “बारीक़ पीसने वाली चक्की ने उनकी ही सरकार को पीस दिया”, विपक्षी गठबंधन पर भी ली चुटकी

Gwalior News : विकास कार्यों की सौगात देने ग्वालियर पहुंचे सीएम शिवराज ने कांग्रेस पर बड़ा निशाना साधा हैं, उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ को निशाने पर लेते हुए कहा कि वो आजकल बौखला गए है इसलिए कमर्चारियों को धमका रहे हैं, अधिकारियों को कोस रहे हैं, शिवराज ने तंज कसते हुए कहा कि कमल नाथ कहते हैं कि कहते हैं कि “मेरी चक्की बड़ा बारीक पीसती है, उनकी चक्की ऐसी चली कि उन्होंने अपनी ही सरकार को पीस दिया”, मुख्यमंत्री ने विपक्षी एकता पर भी चुटकी ली।

ग्वालियर को सौगातें पहुंचे सीएम शिवराज  

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान विधानसभा चुनावों से पहले ग्वालियर को आज बड़ी सौगात देने आये हैं वे 777 करोड़ रुपये से अधिक लागत के विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण करेंगे,  ग्वालियर व्यापार मेला मैदान में लाड़ली बहना सम्मेलन और बेहटा में बघेल समाज के सम्मेलन में शामिल होंगे इसके अलावा मध्य भारत हिंदी भवन का  भूमिपूजन करेंगे और भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा में शामिल होंगे, इसके साथ ही एक हजार बिस्तर व सुपर स्पेशिलिटी हॉस्पिटल का लोकार्पण व निरीक्षण भी करेंगे। उनके साथ इस अवसर पर केन्द्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर और केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया सहित प्रदेश सरकार के कई मंत्री रहेंगे।

सीएम बोले – प्रदेश में विकास और सिर्फ विकास चल रहा है

ग्वालियर पहुँचने पर मीडिया से बात करते हुए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि भाजपा सरकार ने ग्वालियर को एक नहीं अनेक सौगात दी हैं आज फिर ग्वालियर में कई सौगात देने के लिए आया हूँ, उन्होंने कहा कि रेलवे स्टेशन हो, एयरपोर्ट हो, एलीवेटेड रोड हो, चंबल से पानी लाना हो, 1000 बिस्तर का अस्पताल हो या अन्य कोई विकास कार्य सभी में तेजी से काम चल रहा है, विकास और सिर्फ विकास चल रहा है, सीएम ने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार केंद्र सरकार के सहयोग से ग्वालियर सहित प्रदेश को दोनों केन्द्रीय मंत्रियों के सहयोग से सौगात दे रही है।

कमल नाथ की चक्की प्रदेश को तबाही के लिए पीसती है: शिवराज 

पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ के बयानों पर पलटवार करते हुए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि आजकल कमल नाथ बौखलाहट में है, वे कभी कर्मचारियों को गाली दे रहे हैं, कभी अधिकारियों को कोस रहे हैं , वे कहते हैं कि मेरी चक्की बड़ा बारीक पीसती है, उनकी चक्की ऐसी चली कि उन्होंने अपनी ही सरकार को पीस दिया, कभी वे दिग्विजय सिंह को पीसते हैं, कभी अजय सिंह और कभी अरुण यादव को पीसते हैं और 15 महीने प्रदेश की जनता को ऐसा पीसा वो सब जानते हैं  जब सिंधिया जी ने देखा कि विकास तार तार है, प्रदेश लुट रहा है तो उन्हें फैसला करना पड़ा कि सरकार को छोड़ दूँ, कमल नाथ की चक्की प्रदेश को तबाही के लिए पीसती है, वो चुनाव में किसी को भी बुला ले कोई फर्क नहीं पड़ने वाला।

विपक्षी एकता पर ली ऐसे चुटकी 

सीएम शिवराज सिंह चौहान ने विपक्षी एकता पर भी बड़ा निशाना साधा,  उन्होंने कहा कि विपक्ष की एकता का निष्कर्ष क्या है कोई बता सकता है?  मैंने तो सुना है लालू यादव बैठक में राहुल गांधी से कह रहे थे कि तुम्हारी मम्मी बहुत शिकायत करती हैं तुम शादी नहीं कर रहे, तुम शादी कर लो, दूल्हा बन जाओ, हम बारात में आएंगे।

[dgv_vimeo_video id=”839238366″]

ग्वालियर से अतुल सक्सेना की रिपोर्ट 

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews