कांग्रेस की जन आक्रोश रैली, BJP पर भड़के जीतू पटवारी, बोले- ट्रेड डील किसानों के साथ विश्वासघात, घर घर जाकर बतायेंगे हकीकत

'जन आक्रोश रैली' में मध्य प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कांग्रेस पार्टी देश के किसानों के साथ खड़ी है और उनके साथ अन्याय नहीं होने देगी।
Congress Jan Akrosh Rally Gwalior

Congress Jan Akrosh Rally Gwalior

अमेरिका के साथ हुई ट्रेड डील के खिलाफ कांग्रेस ने मोर्चा खोल दिया है, मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने आज शनिवार को इसे लेकर ग्वालियर में जन आक्रोश रैली का आयोजन किया। कार्यक्रम में शामिल प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने केंद्र की मोदी सरकार को किसानों के साथ विश्वासघात करने के लिए जमकर घेरा, जीतू पटवारी ने कहा कांग्रेस पार्टी किसानों के साथ है और ट्रेड डील की हकीकत घर घर जाकर बताएगी।

ग्वालियर जिले की भितरवार विधानसभा के मोहना में आयोजित जन आक्रोश रैली में भारी संख्या में किसान और कांग्रेस नेता कार्यकर्ता मौजूद थे, मंच से जीतू पटवारी ने कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अमेरिका के साथ ट्रेड डील कर किसानों के हितों के साथ समझौता कर दिया है। ये डील किसानों के साथ विश्वासघात है। उन्होंने कहा कांग्रेस पार्टी, देश के किसानों के साथ खड़ी है और उनके साथ अन्याय नहीं होने देगी।

सीएम मोहन यादव और शिवराज सिंह पर निशाना 

जीतू पटवारी ने पीएम मोदी के अलावा मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव, पूर्व मुख्यमंत्री एवं वर्तमान केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान को भी निशाने पर लिया, कांग्रेस अध्यक्ष ने सीएम मोहन यादव पर तंज कसते हुए खेत में गुड़ का बीज वाला बयान दोहराया, शिवराज पर निशाना साधते हुए जीतू पटवारी ने कहा कि इन्होने तो सबसे ज़्यादा झूठ बोलने का World Record बनाया है।

तीन मंत्रियों के मांगे इस्तीफे 

जीतू पटवारी ने मध्य प्रदेश सरकार के तीन मंत्रियों को हटाने की मांग करते हुए कहा कि कांग्रेस विधानसभा में इस मुद्दे को जोर शोर से उठाएगी और तीनों मंत्रियों को पद से हटाने की मांग करेगी उन्होंने कहा हम मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव से मांग करते हैं कि या तो इन तीनों मंत्रियों से इस्तीफे लो वर्ना हिसाब देने के लिए तैयार रहो।

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews