MP News : रेप में क्रॉस FIR का अनोखा मामला, पुलिस की भूमिका पर उठे सवाल

MP News : रेप में क्रॉस FIR का अनोखा मामला, पुलिस की भूमिका पर उठे सवाल

Cross FIR of rape : ग्वालियर में रेप के दो मामले सामने आए हैं और दोनों ही अजीबोगरीब तरीके से एक दूसरे से संबद्ध है। एक छात्रा ने अपने प्रोफेसर पर रेप का आरोप लगाया है। इसके तुरंत बाद प्रोफेसर की पत्नी ने छात्रा के पिता पर रेप और अड़ीबाजी कर पैसे मांगने का आरोप लगाया। छात्रा का कहना है कि प्रोफेसर ने लालच देकर, डरा धमकाकर उसके साथ रेप किया, तो प्रोफेसर की पत्नी ने छात्रा के पिता पर चाकू की नोंक पर रेप का आरोप लगाया है।

छात्रा ने प्रोफेसर पर लगाया रेप का आरोप

मारपीट या रंजिश के मामले में तो क्रॉस एफआईआर के मामले कई बार देखे गए हैं, लेकिन रेप के केस में ये मामला थोड़ा हटकर है। ग्वालियर में केआरजी (कमलाराजा गर्ल्स कॉलेज) में पढ़ने वाली बीएससी फाइनल ईयर की छात्रा ने अपने प्रोफसर पर रेप का आरोप लगाया। एक दिन पहली ही छात्रा ने कम्पू थाने में इसे लेकर शिकायत दर्ज कराई। उसने बताया कि ये वारदात 9 अप्रैल 2022 से लेकर 5 अप्रैल 2023 के बीच हुई। उसने कहा कि एग्जाम में पास कराने के साथ ही आरोपी ने उसे कॉलेज में प्रोफेसर बनाने का प्रलोभन भी दिया था। छात्रा ने अपनी रिपोर्ट में कहा है कि प्रोफेसर ने उससे ये भी कहा था कि वो उससे प्रेम करता है और जब उसने विरोध किया तो उसे फेल करने और करियर बिगाड़ने की धमकी भी दी। छात्रा की शिकायत पर पुलिस ने प्रोफेसर को गिरफ्तार कर लिया।

प्रोफेसर की पत्नी ने छात्रा के पिता पर रेप का आरोप लगाया

पुलिस अभी मामले की तहकीकात कर ही रही थी कि आरोपी प्रोफेसर की पत्नी (47) ने सिरोल थाने में उसी छात्रा के पिता के खिलाफ रेप की रिपोर्ट दर्ज करा दी। उसने कहा कि छात्रा के पिता ने उसके साथ रेप किया और ब्लैकमेल कर 20 लाख रूपये मांगने का आरोप भी लगाया। महिला ने कहा है कि पिछले साल अगस्त में उसके पति के मोबाइल पर देर रात छात्रा का फोन आया। इस बात को लेकर उसकी पति से बहस हो गई और बाद में उसने छात्रा के पिता का फोन नंबर तलाश कर उसे फोन किया। महिला का कहना है कि छात्रा के पिता ने उसे रात करीब 8 बजे मिलने के लिए बुलाया और फिर अपनी कार में बैठने के लिए कहा। इसके बाद चाकू अड़ाकर उसके साथ दुष्कर्म किया और 20 लाख का इंतजाम करने को भी कहा। महिला का आरोप है कि 5 अप्रैल 2023 को छात्रा ने उससे कहा कि अगर 20 लाख का इंतजाम नहीं किया तो वो उसके पति को रेप के झूठे आरोप में फंसा देगी।

इस मामले में भी पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है। अब पुलिस का कहना है कि प्रोफेसर के खिलाफ छात्रा की रिपोर्ट के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं आरोपी की पत्नी ने जो मामला दर्ज कराया है उसकी जांच पड़ताल की जा रही है। हालांकि इस पूरे मामले पर पुलिस की भूमिका पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं कि छात्रा द्वारा शिकायत दर्ज कराने के तुरंत बाद जब आरोपी की पत्नी थाने पहुंची तो पहले मामले की पड़ताल क्यों नहीं की गई।

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews