दो साल पहले डली थी पाइप लाइन, आज तक नलों में नहीं आया पानी, आक्रोशित महिलाओं ने खाली मटकों के साथ किया प्रदर्शन

महिलाएं खाली मटके लेकर नगर निगम के वाटर ट्रीटमेंट प्लांट पर पहुंची थी और फिर वहां धरने पर बैठ गई थीं , उनका गुस्सा देखककर अधिकारियों ने उन्हें समझाया उनके मटकों में साफ और शुद्ध पानी भरा और भरोसा दिया कि कल तक उनके गाँव की लाइन जोड़ दी जाएगी और उनके घर के नलों में पानी पहुंच जायेगा
Women's protest in Gwalior

Gwalior News : ग्वालियर में अभी गर्मी की शुरुआत ही हुई है लेकिन पेयजल समस्या परेशान करने लगी है आज महिलाओं ने इसे लेकर प्रदर्शन किया, नगर निगम के वार्ड क्रमांक 63 जलालपुर की महिलाओं ने सिर पर खाली मटके रखकर प्रदर्शन किया, वाटर ट्रीटमेंट प्लांट के सामने हुए प्रदर्शन के दौरान कुछ महिलाओं ने मटके भी फोड़े।

शहर के वार्ड 63 में आने वाले जलालपुर गाँव के निवासी कई सालों से नाले का गन्दा पानी पीने के लिए मजबूर थे,  जिसके चलते यहां के स्थानीय लोग बीमारियों का शिकार हो रहे थे ऐसे में भाजपा विधायक एवं जलालपुर के पूर्व सरपंच प्रीतम लोधी ने गाँव के लोगों की समस्या को अस्थाई तौर पर दूर कर दो साल से टैंकरों से पानी सप्लाई कर रहे हैं, जब उन्होंने जिला प्रशासन से बात की तो अमृत योजना के तहत पानी की लाइन डाल दी गई।

पानी के लिए पाइप लाइन डल जाने के बाद ग्रामीणों को उम्मीद जागी थी कि अब उन्हें शुद्ध पेयजल मिलने लगेगा लेकिन ऐसा कुछ नहीं हुआ, ग्रामीण दो साल से पानी के लिए टैंकरों के सहारे ही चल रहे हैं लेकिन अब उनका धैर्य जवाब दे गया और उन्होंने आज गाँव में बने नगर निगम के वाटर ट्रीटमेंट प्लांट पर खाली मटके लेकर प्रदर्शन किया।

वाटर ट्रीटमेंट प्लांट के बाहर महिलाओं का प्रदर्शन 

खाली मटके लेकर नगर निगम के कार्यालय पर पहुंची महिलाओं ने यहाँ नारेबाजी की और अधिकारियों को नींद से जगाने के लिए मटके भी फोड़े, विधायक प्रीतम लोधी भी उनके साथ मौजूद थे, उन्होंने अधिकारियों से बात की और समस्या का तत्काल हल निकालने के लिए कहा जिसके बाद अधिकारियों ने भरोसा दिया कि जलालपुर की पाइप लाइन को कल गुरुवार तक जोड़ दिया जायेगा और उसमें पानी सप्लाई शुरू हो जाएगी।

अधिकारियों ने खाली मटकों में भरा पानी, दिया लाइन जोड़ने का भरोसा 

भरोसा देने के बाद अधिकारियों के निर्देश पर खाली मटकों को शुद्ध पानी से भर दिया गया जिसे वापस सिर पर रखकर महिलाएं लौट गई, मीडिया से बात करते हुए महिलाओं ने कहा कि हम दो साल से इन्तजार कर रहे हैं लेकिन पानी नहीं मिल रहा आज हमारे मटके अधिकारियों ने भरे हैं यदि ये खाली हुए और घर के नलों में पानी नहीं पहुंचा तो उग्र प्रदर्शन किया जायेगा ।

BJP विधायक प्रीतम लोधी ने कही ये बात 

उधर भाजपा विधायक प्रीतम लोधी ने कहा अधिकारियों ने खाली मटके भरवा दिए हैं और कल तक लाइन जोड़कर सप्लाई शुरू करने का वादा किया है इसलिए अब ये महिलाएं शुद्ध जल भरकर भगवान को अर्पित करने जा रही है ये भाजपा की सरकार है इसमें कोई परेशान नहीं होगा।

[dgv_vimeo_video id=”1071810768″]

[dgv_vimeo_video id=”1071811196″]

[dgv_vimeo_video id=”1071811455″]

[dgv_vimeo_video id=”1071811775″]

ग्वालियर से अतुल सक्सेना की रिपोर्ट 

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews