कार के खुफिया लॉकर से दो करोड़ बरामद, हवाला की आशंका

कार के खुफिया लॉकर से दो करोड़ बरामद, हवाला की आशंका

ग्वालियर/अतुल सक्सेना। झांसी से आगरा ले जाई जा रही 2 करोड़ रुपये की अवैध रकम ग्वालियर क्राइम ब्रांच ने पकड़ी है । इतनी बड़ी राशि के साथ पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है। दोनों युवक झांसी के रहने वाले हैं। बरामद कैश हवाला का होने की आशंका जताई जा रही है।

एडिशनल एसपी क्राइम पंकज पांडे के मुताबिक पुलिस अधीक्षक नवनीत भसीन को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्वालियर के रास्ते अवैध हथियार और रुपये आगरा की तरफ जा रहे हैं। एसपी ने मामले की जिम्मेदारी क्राइम ब्रांच को सौंप दी। सूचना की तसदीक करने के बाद क्राइम ब्रांच ने मुखबिर के बताये स्थान पर चैकिंग लगा दी। बीती देर रात पुलिस को मोहनपुर टोल नाके के पास एक सफेद रंग की स्विफ्ट डिजायर कार दिखाई दी पुलिस ने जब कार को रोक कर उसकी चैकिंग की तो उसकी डिक्की में दो खुफिया लॉकर दिखाई दिया । पुलिस ने जब लॉकर खोले तो देखकर दंग रह गई। इसमें 500- 500के नोटों की गड्डियाँ भरी थी।

पुलिस कार में सवार दोनों युवकों को थाने ले आई और नोटों की गिनती की तो ये 2 करोड़ एक लाख तीस हजार रुपये निकले। पुलिस ने दोनों युवकों ब्रजनंदन सोनी और राजेन्द्र रिझारिया को गिरफ्तार कर लिया । पूछताछ में इन्होंने बताया कि वे दोनों झांसी के रहने वाले हैं और झांसी से आगरा जा रहे थे । उन्होंने पैसों के बारे में ज्यादा जानकारी होने से इंकार कर दिया। आरोपियों का कहना है कि वे दिल्ली जा रहे थे उन्हें रकम को झांसी से आगरा ले जाना था और सीक्रेट कोड बताने वाले को आगरा में देना था इसके एवज में उन्हें 10-10 हजार रुपए मिलने वाले थे। वे ये नहीं बता पाए कि ये राशि किसकी है और किसको दी जानी थी। इसलिए पुलिस ने आयकर विभाग को भी सूचना कर दी। पुलिस को आशंका है कि राशि हवाला की हो सकती है। उधर पुलिस को प्रारंभिक पड़ताल में कार मालिक का नाम कल्लू कमरिया पता चला है। पुलिस गहराई से पूरे मामले की तफ्तीश में जुट गई है।

Gaurav Sharma
लेखक के बारे में
Gaurav Sharma

निदेशक और संपादक

पत्रकारिता पेशा नहीं ज़िम्मेदारी है और जब बात ज़िम्मेदारी की होती है तब ईमानदारी और जवाबदारी से दूरी बनाना असंभव हो जाता है। एक पत्रकार की जवाबदारी समाज के लिए उतनी ही आवश्यक होती है जितनी परिवार के लिए क्यूंकि समाज का हर वर्ग हर शख्स पत्रकार पर आंख बंद कर उस तरह ही भरोसा करता है जितना एक परिवार का सदस्य करता है। पत्रकारिता मनुष्य को समाज के हर परिवेश हर घटनाक्रम से अवगत कराती है, यह इतनी व्यापक है कि जीवन का कोई भी पक्ष इससे अछूता नहीं है। यह समाज की विकृतियों का पर्दाफाश कर उन्हे नष्ट करने में हर वर्ग की मदद करती है। इसलिए पं. कमलापति त्रिपाठी ने लिखा है कि," ज्ञान और विज्ञान, दर्शन और साहित्य, कला और कारीगरी, राजनीति और अर्थनीति, समाजशास्त्र और इतिहास, संघर्ष तथा क्रांति, उत्थान और पतन, निर्माण और विनाश, प्रगति और दुर्गति के छोटे-बड़े प्रवाहों को प्रतिबिंबित करने में पत्रकारिता के समान दूसरा कौन सफल हो सकता है। View all posts by Gaurav Sharma →
Follow Us :GoogleNews