प्रशासन की सख्ती,सोशल डिस्टेंसिंग का पालन न करने और मास्क न पहनने वालों पर जुर्माना

प्रशासन की सख्ती,सोशल डिस्टेंसिंग का पालन न करने और मास्क न पहनने वालों पर जुर्माना

ग्वालियर/अतुल सक्सेना

कोरोना वायरस के संक्रमण की रोकथाम के लिए जारी लॉक डाउन के नियमों का उल्लंघन करने वालों के साथ अब जिला प्रशासन सख्ती से निपट रहा है। लापरवाही बरतने वालों के विरुद्ध दण्डात्मक कार्रवाई निरंतर की जा रही है। व्यवसायिक प्रतिष्ठानों पर सोशल डिस्टेंसिंग का पालन ना करने तथा शहर में बिना मास्क के निकलने वालों के विरुद्ध दण्डात्मक कार्रवाई की जा रही है। कलेक्टर कौशलेन्द्र विक्रम सिंह ने पुलिस अधीक्षक नवनीत भसीन के साथ शुक्रवार को शहर के प्रमुख बाजारों का निरीक्षण किया और लापरवाही बरतने वाले व्यवसायिक प्रतिष्ठानों और व्यक्तियों पर अर्थदण्ड की कार्रवाई की।

कलेक्टर कौशलेन्द्र विक्रम सिंह और एसपी नवनीत भसीन ने अधिकारियों के साथ शुक्रवार को शिंदे की छावनी, चौहान प्याऊ, थाटीपुर चौराहा, सदर बाजार, बारादरी का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान एक दर्जन से अधिक ऐसे व्यक्ति जो बिना मास्क के घूम रहे थे, उन पर अर्थदण्ड की कार्रवाई की गई। इसके साथ ही 6 दुकानों पर सोशल डिस्टेंसिंग का पालन न पाए जाने पर दण्ड की कार्रवाई की गई। कलेक्टर ने निरीक्षण के दौरान दुकानदारों को समझाइश दी कि सोशल डिस्टेंसिंग का पालन न करने तथा व्यवसाय करते समय अथवा शहर में घूमते समय मास्क न पहनने वालों के विरुद्ध प्रशासन द्वारा सख्त कार्रवाई की जायेगी। उन्होंने दुकानदारों को यह भी हिदायत दी कि समझाइश के बाद भी अगर दुकानदार सोशल डिस्टेंसिंग का पालन नहीं करेंगे तो उनकी दुकानें सील करने की कार्रवाई भी प्रशासन द्वारा की जायेगी।

कलेक्टर ने जिले में नियुक्त सभी इंसीडेंट कमांडरों को भी निर्देशित किया है कि वे अपने पूरे दल के साथ अपने-अपने क्षेत्र का भ्रमण करें। भ्रमण के दौरान अगर कहीं पर भी सोशल डिस्टेंसिंग का पालन न पाया जाए तो संबंधित व्यवसायी के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करें। इसके साथ ही बिना मास्क के भ्रमण करने वालों के विरूद्ध भी दण्डात्मक कार्रवाई की जाए। पुलिस अधीक्षक नवनीत भसीन ने भी पुलिस अधिकारियों को निरंतर भ्रमण कर सोशल डिस्टेंसिंग का पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।

Gaurav Sharma
लेखक के बारे में
Gaurav Sharma

निदेशक और संपादक

पत्रकारिता पेशा नहीं ज़िम्मेदारी है और जब बात ज़िम्मेदारी की होती है तब ईमानदारी और जवाबदारी से दूरी बनाना असंभव हो जाता है। एक पत्रकार की जवाबदारी समाज के लिए उतनी ही आवश्यक होती है जितनी परिवार के लिए क्यूंकि समाज का हर वर्ग हर शख्स पत्रकार पर आंख बंद कर उस तरह ही भरोसा करता है जितना एक परिवार का सदस्य करता है। पत्रकारिता मनुष्य को समाज के हर परिवेश हर घटनाक्रम से अवगत कराती है, यह इतनी व्यापक है कि जीवन का कोई भी पक्ष इससे अछूता नहीं है। यह समाज की विकृतियों का पर्दाफाश कर उन्हे नष्ट करने में हर वर्ग की मदद करती है। इसलिए पं. कमलापति त्रिपाठी ने लिखा है कि," ज्ञान और विज्ञान, दर्शन और साहित्य, कला और कारीगरी, राजनीति और अर्थनीति, समाजशास्त्र और इतिहास, संघर्ष तथा क्रांति, उत्थान और पतन, निर्माण और विनाश, प्रगति और दुर्गति के छोटे-बड़े प्रवाहों को प्रतिबिंबित करने में पत्रकारिता के समान दूसरा कौन सफल हो सकता है। View all posts by Gaurav Sharma →
Follow Us :GoogleNews