हरियाणा के सरकारी कर्मचारियों के लिए खुशखबरी है। राज्य की नायब सिंह सैनी सरकार ने सातवें वेतन आयोग के बाद अब पांचवें और छठे वेतन आयोग का लाभ ले रहे कर्मचारियों के महंगाई भत्ते में बढ़ोतरी की है। छठवें वेतन आयोग के तहत आने वाले कर्मचारियों के लिए महंगाई भत्ते में 5 फीसदी और पांचवें वेतन आयोग के तहत कार्यरत कर्मचारियों के लिए महंगाई भत्ते में 9 फीसदी की वृद्धि की गई है।
वित्त विभाग द्वारा जारी आदेशों के अनुसार, पांचवें वेतन आयोग के तहत वेतन ले रहे कर्मचारियों का डीए 474 फीसदी से बढ़ाकर 483 फीसदी (9 फीसदी वृद्धि के बाद) कर दिया गया है। इसी प्रकार, छठे वेतन आयोग के अंतर्गत वेतन प्राप्त कर रहे कर्मचारियों का डीए 257 फीसदी से बढ़ाकर 262 फीसदी कर दिया गया है, इससे उन्हें 5 फीसदी अतिरिक्त लाभ मिलेगा।
बढ़ा हुआ डीए जनवरी 2026 से प्रभावी माना जाएगा, ऐसे में जनवरी, फरवरी, मार्च और अप्रैल का कुल 4 महीने का एरियर भी दिया जाएगा। सभी कर्मचारियों को अगले महीने जून में मिलने वाला मई का वेतन बढ़े डीए के साथ मिलेगा। वित्त विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव अरुण कुमार गुप्ताने इस संबंध में आदेश जारी करते हुए सभी विभागाध्यक्षों, बोर्डों, निगमों और अन्य सरकारी संस्थाओं को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। हालांकि, इन पेंशनर्स के डीए में बढ़ोतरी के लिए अलग से आदेश जारी हो सकता है।
यूएचबीवीएन के कर्मचारियों व पेंशनरों का डीए भी बढ़ा
उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम (यूएचबीवीएन) ने भी 7वें वेतन आयोग के तहत आने वाले कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के महंगाई भत्ता (डीए) और महंगाई राहत (डीआर) को 58 फीसदी से बढ़ाकर 60 फीसदी कर दिया है। बढ़ा हुआ डीए का भुगतान मई 2026 के वेतन और पेंशन के साथ मिलेगा। नई दरें 1 जनवरी 2026 से प्रभावी रहेंगी, ऐसे में जनवरी से अप्रैल तक का एरियर जून 2026 में जारी किया जाएगा। इसका लाभ करीब 30 से 40 हजार कर्मचारियों व पेंशनरों को मिलेगा।
अप्रैल में बढ़ चुका है 7वें वेतन आयोग के कर्मचारियों-पेंशनर्स का डीए
बता दें कि अप्रैल अंत में 7वें वेतन आयोग के तहत आने वाले सरकारी कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के महंगाई भत्ते (DA) और महंगाई राहत (DR) की दरों में संशोधन किया गया था। राज्य की नायब सिंह सैनी सरकार ने इन कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के महंगाई भत्ते और राहत में 2 फीसदी की वृद्धि की थी, जिसके बाद डीए/डीआर की दर 58 फीसदी से बढ़कर 60 फीसदी हो गई है। नई दरें 1 जनवरी 2026 से प्रभावी की गई है। बढ़ा हुआ महंगाई भत्ता और राहत (DA/DR) मई 2026 के वेतन और पेंशन के साथ जोड़कर जारी किया गया। वहीं, जनवरी से अप्रैल 2026 तक की अवधि का जो बकाया (Arrears) है, उसका भुगतान जून 2026 में किया जाएगा। इस सबंध में वित्त विभाग द्वारा 28 अप्रैल 2026 को आदेश भी जारी किए जा चुके हैं।







