HPSC भर्ती नीतियों के खिलाफ कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन, पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प, जमकर की नारेबाजी

हरियाणा युवा कांग्रेस ने मंगलवार को पंचकूला में HPSC कार्यालय के बाहर भर्ती प्रक्रिया में अनियमितताओं के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। रोहतक सांसद दीपेंद्र हुड्डा, भारतीय युवा कांग्रेस अध्यक्ष उदय भानु चिब और अंबाला सांसद वरुण मुलाना के नेतृत्व में प्रदर्शनकारियों पर पुलिस ने वॉटर कैनन का इस्तेमाल किया।
HPSC भर्ती नीतियों के खिलाफ कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन, पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प, जमकर की नारेबाजी

हरियाणा लोक सेवा आयोग की भर्ती नीतियों को लेकर प्रदेश में युवाओं का गुस्सा मंगलवार को पंचकूला की सड़कों पर देखने को मिला। हरियाणा युवा कांग्रेस ने HPSC कार्यालय के समक्ष जबरदस्त विरोध प्रदर्शन किया, जिसमें कई विधायकों और भारी संख्या में कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया।

प्रदर्शन का नेतृत्व रोहतक के सांसद दीपेंद्र हुड्डा, भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब और अंबाला सांसद वरुण मुलाना ने किया। प्रदर्शनकारी सेक्टर-5 स्थित परेड ग्राउंड पार्किंग से कूच करते हुए HPSC कार्यालय की ओर बढ़े, लेकिन पुलिस ने फायर ब्रिगेड कार्यालय के सामने बैरिकेडिंग करके उन्हें रोक दिया।

पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प

जैसे ही कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने बैरिकेड्स को पार करने की कोशिश की, पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की शुरू हो गई। पंचकूला पुलिस ने सुरक्षा के दो स्तर बनाए थे, पहली पंक्ति में पुरुष पुलिसकर्मी तैनात थे, जबकि दूसरी पंक्ति में महिला पुलिसकर्मी डटी रहीं।

स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए पुलिस ने वॉटर कैनन का इस्तेमाल किया। पानी की तेज बौछारों से कार्यकर्ताओं को इधर-उधर खदेड़ा गया, लेकिन प्रदर्शनकारी पीछे नहीं हटे। बीच की सड़क को खाली करा दिए जाने के बाद कांग्रेसी नेता और कार्यकर्ता सड़क के दोनों किनारों पर खड़े होकर नारेबाजी करते रहे।

युवा कांग्रेस के आरोप और मांगें

कांग्रेस ने हरियाणा सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि ग्रुप ए और ग्रुप बी की नौकरियों में प्रदेश के युवाओं की बजाय बाहरी राज्यों के उम्मीदवारों का चयन किया जा रहा है। पार्टी का आरोप है कि 35 प्रतिशत मिनिमम मार्क्स की शर्त लगाकर जानबूझकर बड़ी संख्या में सीटें खाली छोड़ी जा रही हैं, जिससे आरक्षण व्यवस्था पर भी असर पड़ रहा है।

कांग्रेस ने यह भी कहा कि HPSC और HSSC की भर्ती प्रक्रियाएं सालों तक अदालतों में फंसी रहती हैं, जिसके कारण युवाओं को समय पर नौकरी नहीं मिल पाती। पार्टी ने BJP सरकार पर चुनावी वादे पूरे न करने का भी आरोप लगाया। विधानसभा चुनाव से पहले CET क्वालिफाइड उम्मीदवारों को हर महीने 9000 रुपये देने का वादा किया गया था, लेकिन आज तक एक पैसा नहीं दिया गया।

युवा कांग्रेस की प्रमुख मांगें

प्रदर्शनकारियों ने सरकार के समक्ष कई मांगें रखीं। इनमें 35 प्रतिशत मिनिमम मार्क्स क्राइटेरिया को समाप्त करना, HPSC परीक्षाओं में हरियाणा सामान्य ज्ञान की वेटेज कम से कम 20 प्रतिशत करना, हर साल भर्ती कैलेंडर जारी करना और CET क्वालिफाइड युवाओं को वादे के अनुसार 9000 रुपये मासिक भत्ता देना शामिल है।

इसके अलावा युवा कांग्रेस ने भर्ती संबंधी विवादों के त्वरित निपटारे के लिए स्पेशलाइज्ड लीगल सेल बनाने और खाली पदों को फिर से विज्ञापित कर भरने की भी मांग की है। पार्टी ने साफ कर दिया कि वह हरियाणा के युवाओं के भविष्य के साथ किसी भी तरह के खिलवाड़ को बर्दाश्त नहीं करेगी।

पंचकूला पुलिस ने HPSC कार्यालय की पूरी घेराबंदी कर ली थी ताकि प्रदर्शन से आम लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। लगातार वॉटर कैनन चलाए जाने के बावजूद कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ता अपनी मांगों पर अड़े रहे और जोरदार नारेबाजी करते रहे।

Shyam Dwivedi
लेखक के बारे में
Shyam Dwivedi

7 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

पत्रकार वह व्यक्ति होता है जो समाचार, घटनाओं, और मुद्दों की जानकारी देता है, उनकी जांच करता है, और उन्हें विभिन्न माध्यमों जैसे अखबार, टीवी, रेडियो, या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर प्रस्तुत करता है। मेरा नाम श्याम बिहारी द्विवेदी है और मैं पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। View all posts by Shyam Dwivedi →
Follow Us :GoogleNews