Bhopal News : पत्नी को न भाए राम, रिश्ते पर लगाया पूर्ण विराम

Bhopal

Wife asked for divorce after returning from honeymoon in Ayodhya : इन दिनों अयोध्या में देश ही नहीं, विदेशों से भी लोग आ रहे हैं। राम मंदिर उद्धाटन और रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के बाद यहां आने वालों की तादाद में एकदम से बढ़ोत्तरी हुई है। स्थिति ये है कि राम मंदिर में दर्शन के लिए लंबी कतारें लग रही हैं। लेकिन क्या आपने कभी ये सुना है कि अयोध्या जाने के कारण किसी दंपत्ति में तलाक की नौबत आ गई हो।

भोपाल के पिपलानी इलाके का मामला

ये अजीबोगरीब मामला सामने आया है राजधानी भोपाल से। यहां एक नवविवाहिता ने अपने पति से तलाक मांगा है और इसकी वजह हैरान करने वाली है। पिपलानी में रहने वाली एक महिला, जिसकी 5 महीने पहले शादी हुई थी, उसने तलाक के लिए भोपाल की पारिवारिक अदालत का रुख किया है। उसका कहना है कि उसके पति ने उसे हनीमून के लिए गोवा ले जाने का वादा किया था, लेकिन इसकी बजाय वह उसे अयोध्या ले गया।

पत्नी ने कहा ‘घरवालों की इच्छा का ज्यादा खयाल’

महिला का पति आईटी सेक्टर में काम करता है और काफी अच्छी सैलरी है। वहीं वो खुद भी वर्किंग वुमन है। उसका कहना है कि उनके लिए हनीमून पर विदेश जाना भी कोई बड़ी बात नहीं थी, लेकिन पति ने इसके लिए मना कर दिया। इसके बाद गोवा या साउथ इंडिया जाने का प्लान बनने लगा। लेकिन घूमने जाने से ठीक पहले पति ने अयोध्या और वाराणसी की फ्लाइट टिकट ले ली। महिला का कहना है कि उसे जाने के एक दिन पहले ही ये बात पता चली थी। महिला का कहना है कि उसकी सास चाहती थी कि वो लोग अयोध्या जाए इसलिए पति ने ये फैसला लिया। इसके बाद जब वो वापस लौटे तो महिला ने कोर्ट में तलाक की अर्ज़ी लगा दी। उसका कहना है कि पति को उससे ज्यादा अपने परिवार की इच्छाओं का खयाल है और इसीलिए वो इस रिश्ते में नहीं रहना चाहती है। फिलहाल कोर्ट ने दंपत्ति को मध्यस्थता के लिए भेजा है।

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews