हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में बुधवार को दो राज्यों की पुलिस के बीच अभूतपूर्व टकराव की स्थिति बन गई। दिल्ली पुलिस की एक टीम द्वारा शिमला के रोहड़ू उपमंडल से यूथ कांग्रेस के तीन पदाधिकारियों को गिरफ्तार करने के बाद हिमाचल पुलिस ने कड़ा रुख अपनाया। प्रक्रिया का उल्लंघन करने के आरोप में शिमला पुलिस ने दिल्ली पुलिस के खिलाफ FIR दर्ज कर ली है।
दिन भर चले इस हाई वोल्टेज ड्रामे के दौरान हिमाचल पुलिस ने दिल्ली पुलिस की टीम को गिरफ्तार किए गए कार्यकर्ताओं के साथ सोलन जिले में रोक लिया और उन्हें शिमला ले आई, जिसके बाद मामला अदालत तक पहुंच गया।
तड़के 5 बजे हुई थी रिसॉर्ट में छापेमारी
जानकारी के अनुसार, यह पूरा घटनाक्रम बुधवार तड़के करीब 5 बजे शुरू हुआ। दिल्ली पुलिस की एक टीम रोहड़ू के चिड़गांव स्थित एक निजी रिसॉर्ट में पहुंची। वहां उन्होंने दबिश देकर तीन युवकों को हिरासत में ले लिया। बताया जा रहा है कि ये तीनों युवक यूथ कांग्रेस के पदाधिकारी हैं और दिल्ली में हाल ही में हुए AI समिट के दौरान शर्टलेस विरोध प्रदर्शन में शामिल थे। ये आरोपी हिमाचल के स्थानीय निवासी नहीं हैं और कथित तौर पर पुलिस से बचने के लिए यहां एक होटल में छिपे हुए थे।
नियमों के उल्लंघन पर हिमाचल पुलिस ने लिया एक्शन
जैसे ही दिल्ली पुलिस की टीम तीनों कार्यकर्ताओं को लेकर दिल्ली के लिए रवाना हुई, इसकी भनक हिमाचल पुलिस को लग गई। हिमाचल पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए सोलन जिले के धर्मपुर में नाका लगाकर दिल्ली पुलिस की गाड़ी को रोक लिया। हिमाचल पुलिस का तर्क था कि दिल्ली पुलिस ने किसी भी गिरफ्तारी से पहले स्थानीय पुलिस को औपचारिक रूप से सूचित नहीं किया, जो कि एक अनिवार्य प्रक्रिया का उल्लंघन है।
इसके बाद हिमाचल पुलिस, दिल्ली पुलिस की टीम और तीनों यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं को शिमला ले आई। यहां मामला शिमला की एसीजेएम कोर्ट नंबर-2 में पेश किया गया।
कोर्ट में क्या हुआ?
अदालत में हिमाचल पुलिस ने दलील दी कि दिल्ली पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई स्थापित प्रोटोकॉल के खिलाफ है। उन्होंने बिना किसी पूर्व सूचना के राज्य की सीमा में घुसकर गिरफ्तारी की। काफी देर तक चली सुनवाई और कानूनी औपचारिकताओं के बाद आखिरकार कोर्ट ने दिल्ली पुलिस को तीनों कार्यकर्ताओं को अपने साथ दिल्ली ले जाने की अनुमति दे दी।
देर शाम तक चले इस पूरे घटनाक्रम के बाद दिल्ली पुलिस की टीम तीनों कार्यकर्ताओं को लेकर दिल्ली के लिए रवाना हो गई। इस दौरान गिरफ्तार किए गए यूथ कांग्रेस कार्यकर्ता मीडिया से बचते और चेहरा छुपाते नजर आए।






