हिमाचल प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने सोमवार को विशेष टास्क फोर्स समिति की पहली बैठक की अध्यक्षता की। यह समिति राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) और सड़क परिवहन व राजमार्ग मंत्रालय की परियोजनाओं से जुड़ी समस्याओं का समाधान निकालने के लिए बनाई गई है। बैठक में भूमि अधिग्रहण, पेड़ काटने की अनुमति, वन स्वीकृति, पर्यावरणीय चिंताएं, ब्यास नदी की खुदाई, बिजली और पानी की पाइपलाइनें हटाने तथा मलबा डालने की जगह जैसी अहम बातों पर विस्तार से चर्चा की गई। मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विभाग आपसी तालमेल से इन अड़चनों को जल्द हल करें, ताकि जनता को समय पर सुविधाएं मिल सकें।
बैठक के दौरान मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं को समय पर पूरा करना प्रदेश की प्रगति के लिए बेहद जरूरी है। उन्होंने जोर दिया कि सड़क और अन्य ढांचागत विकास केवल यातायात की सुविधा तक सीमित नहीं है, बल्कि यह पर्यटन, व्यापार और रोजगार बढ़ाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने अधिकारियों को राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण और सड़क परिवहन मंत्रालय के साथ मिलकर काम करने और लंबित मामलों को तुरंत निपटाने के निर्देश दिए।
PWD मंत्री ने दिए सख्त निर्देश
बैठक में मानसून के दौरान हुए नुकसान की भी समीक्षा की गई। मंत्री ने बताया कि इस बरसात में राष्ट्रीय राजमार्गों को काफी क्षति पहुंची है। उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण और मंत्रालय के अधिकारियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि बारिश से हुई क्षति को तुरंत दुरुस्त किया जाए। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि स्थानीय लोगों की वास्तविक परेशानियों को गंभीरता से सुना और हल किया जाना चाहिए, ताकि विकास कार्यों का सीधा लाभ जनता तक पहुंच सके।
इस बैठक में अतिरिक्त मुख्य सचिव परिवहन, उद्योग और लोक निर्माण आरडी नजीम, सचिव जेएसवी राखिल काहलों, विशेष सचिव लोक निर्माण हरबंस सिंह ब्रसकोन, एचपीपीडब्ल्यूडी मुख्य अभियंता एनएच एके कुशवाहा, क्षेत्रीय अधिकारी सड़क परिवहन एवं राजमार्ग कर्नल अजय बरगोटी, आरओ एनएचएआई और अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। मंत्री ने कहा कि सभी विभागों का समन्वय और तेज कार्रवाई ही इन परियोजनाओं की समयबद्ध पूर्णता सुनिश्चित कर सकती है।





