पीएम मोदी का हिमाचल दौरा, विशेष हिमाचली व्यंजनों से होगा स्वागत

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले का दौरा करेंगे। इस दौरान उनके भोजन की खास व्यवस्था हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम (एचपीटीडीसी) की ओर से की जाएगी।
PM Modi Gifts

PM Modi Gifts Auction

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले का दौरा करेंगे। इस दौरान उनके भोजन की खास व्यवस्था हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम (एचपीटीडीसी) की ओर से की जाएगी। प्रधानमंत्री के लिए हिमाचल के पारंपरिक और स्वादिष्ट व्यंजनों का चयन किया गया है, जिनमें चंबा की गुच्छी, मंडी की सेपू बड़ी, ढींगरी मशरूम, लिंगड़ और अरबी पलदा जैसे व्यंजन शामिल हैं। खासतौर पर मंडी की सेपू बड़ी प्रधानमंत्री मोदी की पसंदीदा डिश है और इसे विशेष रूप से उनके लिए तैयार किया जाएगा। इस भोजन की व्यवस्था किसी होटल में नहीं, बल्कि गगल एयरपोर्ट पर की जाएगी, ताकि प्रधानमंत्री का स्वागत गर्मजोशी और परंपरा के साथ किया जा सके।

एचपीटीडीसी के एजीएम कैलाश ठाकुर ने बताया कि प्रधानमंत्री के लिए उनके पसंदीदा व्यंजन बनाए जा रहे हैं, जिससे न केवल उनकी आवभगत हो, बल्कि उन्हें एक प्रामाणिक हिमाचली अनुभव भी मिले। निगम का उद्देश्य है कि हिमाचल की पारंपरिक रचनात्मकता को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सही पहचान दिलाई जाए। यह पहल प्रधानमंत्री की यात्रा को यादगार बनाने के साथ-साथ हिमाचल प्रदेश के समृद्ध खानपान और संस्कृति को दुनिया भर में प्रचारित करने का एक अनूठा अवसर भी साबित होगी।

पीएम मोदी का हिमाचल दौरा

इसी बीच, पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के धर्मशाला दौरे को बेहद महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि प्रदेश आपदा से जूझ रहा है और ऐसे समय प्रधानमंत्री का आना हिमाचल के लिए बड़ी राहत और संबल का प्रतीक है। शांता कुमार ने कहा कि मोदी ने हमेशा हिमाचल को अपने दूसरे घर की तरह माना है। उन्होंने जीएसटी सरलीकरण को भी आपदा के समय राहतकारी कदम बताया, जिससे कई आवश्यक वस्तुएं सस्ती हुई हैं। साथ ही, उन्होंने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू और राज्य सरकार को राष्ट्रीय लक्ष्य से पांच साल पहले पूर्ण साक्षरता प्राप्त करने पर बधाई दी। उन्होंने हिमाचल की पुरानी सरकारों और जनता को भी इस उपलब्धि के लिए श्रेय दिया।

प्रधानमंत्री के कांगड़ा दौरे को लेकर धर्मशाला और आसपास के इलाकों में अलर्ट घोषित किया गया। दिनभर पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों की बैठकों का सिलसिला चलता रहा। धर्मशाला से गगल एयरपोर्ट तक वीआईपी मूवमेंट के चलते हूटर गूंजते रहे। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने धर्मशाला में मोर्चा संभाल लिया और एयरपोर्ट से लेकर मैक्लोडगंज और नजदीकी होटलों तक सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया। सभी संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है ताकि प्रधानमंत्री की यात्रा पूरी तरह सुरक्षित और सुचारु ढंग से सम्पन्न हो सके।

लेखक के बारे में
Follow Us :GoogleNews