
Dead body in shivpuri
इटारसी, राहुल अग्रवाल। ऑर्डिनेंस फैक्ट्री (Ordinance factory) के रिटायर्डकर्मी का 31 वर्षीय पुत्र अभिनेश महालहा रहस्यमय ढंग से लापता हुआ था, जिसकी लाश आज सिवनीमालवा में मिली। युवक की टीशर्ट, स्वेटर और सैंडल घर से एक किमी दूर नहर किनारे मिली थी। आशंका है कि नहर में नहाते वक्त डूबने से युवक की मौत हुई और शव बहता हुआ सिवनी मालवा पहुंच गया। कल परिजनों ने चांदौन गांव से 50 किमी दूर सिवनी मालवा तक नहर छान मारी पर 24 घंटे बाद भी युवक का पता नहीं चल पाया था। आज सुबह युवक का शव नहर के किनारे मिला।
पथरौटा पुलिस ने घर से युवक का मोबाइल और नहर किनारे से कपड़े व सैंडल बरामद किए हैं। चांदौन निवासी ब्रजकिशोर महालहा रिटायर होने के बाद खेती करते हैं। उनका पुत्र लालू उर्फ अभिनेश महालहा 15 दिन पहले ही चैन्नई से घर आया था। भोपाल से इलेक्ट्रिक व इलेक्ट्रॉनिक्स में बीई करने के बाद अभिनेश चैन्नई की एक कंपनी में जॉब कर रहा था। इटारसी आने के बाद वह दो दिन के लिए इंटरव्यू देने कानपुर भी गया था। परिजनों ने नेशनल हाईवे पर पथरौटा थाने में अभिनेश महालहा की गुमशुदगी की सूचना दी थी। पुलिस ने घटनास्थल देखा था, वहां से कपड़े व सैंडल उठाए। घर से अभिनेश का मोबाइल फोन भी जांच के लिए पुलिस ले गई है। अविनेश अविवाहित था। पुलिस मृतक के फोन कॉल डिटेल की भी जांच करेगी।
