
Narmadapuram News : मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम जिले की इटारसी तहसील में SDM टी प्रतीक राव आज डॉक्टर श्यामा प्रसाद अस्पताल पहुंचे, जहां उन्होंने पूरे अस्पताल परिसर का औचक निरीक्षण किया। बता दें कि यहां वह आम नागरिक बनकर पहुंचे। इस दौरान व्यवस्थाओं को देखने के बाद उसमें अनियमितता पाई गई, जिसे लेकर अधिकारियों के साथ बैठक कर उन्हें उचित दिशा-निर्देश दिए गए हैं।
अपनाया नया तरीका
बता दें कि इटारसी एसडीएम टी प्रतिक राव ने सरकारी अस्पताल का निरीक्षण करने के लिए अनोखा तरीका अपनाया। वह अपने ऑफिस में पदस्थ कर्मचारी की मोटरसाइकिल से अस्पताल पहुंचे और लगभग 1 घंटे तक आम नागरिक बनकर घूमते रहे। इस दौरान वह अस्पताल के अंदर OPD खिड़की पर पहुंचे, जहां उन्होंने खिड़की पर उपस्थित कर्मचारियों को शुल्क देकर ओपीडी की पर्ची बनवाई। जिसके बाद वह बिना किसी सूचना के सभी वार्डों का निरीक्षण करने लगे। हालांकि, जैसे ही एसडीएम के निरीक्षण की खबर अस्पताल में पहुंची सनसनी फैल गई, लेकिन तब तक उन्होंने आधा से अधिक अस्पताल का निरीक्षण कर लिया था।
दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
निरीक्षण करने के बाद एसडीएम ने अस्पताल अधीक्षक आरके चौधरी सहित ड्यूटी पर उपस्थित सभी चिकित्सकों की बैठक ली। इस दौरान उन्होंने अस्पताल में फैली गंदगी पर चिंता व्यक्त करते हुए साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया है। साथ ही मरीजों को बेहतर-से-बेहतर इलाज देने के भी दिशा-निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा अस्पताल के सभी वार्ड में अग्निशमन दो-दो यंत्र लगाने के निर्देश दिए गए हैं।
[dgv_vimeo_video id=”950993805″]
नर्मदापुरम से राहुल अग्रवाल की रिपोर्ट
सीनियर कंटेंट राइटर · डिप्लोमा इन मास कम्युनिकेशन, बीए. 2022 से MP Breaking News में; पहले लाइव इंडिया, VIP News Channel और Khabar Bharat में कार्य.

