अंडा ठेला पलटने के बाद पलटी किस्मत,दिग्विजय से लेकर केजरीवाल तक मदद के लिए आए

अंडा ठेला पलटने के बाद पलटी किस्मत,दिग्विजय से लेकर केजरीवाल तक मदद के लिए आए

इंदौर/आकाश धोलपुरे

इंदौर में गुरुवार को निगम द्वारा पिपलियाहाना स्थित अंडे का ठेला पलटाने का जो विवाद गहराया था वो अब मदद की बयार में तब्दील हो चुका है। दरअसल, बेघर नाना और दो बच्चे सड़क पर अंडा बेचकर अपना जीवन यापन कर रहे थे लेकिन निगम प्रशासन के कर्मचारियों ने 100 रुपए के विवाद में अंडे का ठेला ही पलटा दिया। इसके बाद बच्चे का रोते हुए वीडियो ऐसा वायरल हुआ कि देशभर में निगम की इस हरकत पर तीखी प्रतिक्रिया आ रही है। इसी बीच अब पीड़ित नाना दिनेश रायकवार, उनके मासूम नाती और उसकी बहन के जीवन को संवारने के लिए चारों तरफ से मदद आ रही है।

बीजेपी विधायक रमेश मेंदोला ने मासूम को सायकिल दी और मकान के कागज सौंपे, साथ ही बच्चे के कपड़े सहित ढाई हजार रुपए की आर्थिक मदद की। उसके नाना ने बताया कि इसके बाद राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह ने भी 10 हजार रुपए की आर्थिक मदद भेजी है और दोनों बच्चो को इंदौर के बड़े निजी स्कूल में पढ़ाने और खर्च उठाने का वादा किया है। इधर, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के यहां से फ़ोन पर 5 -5 लाख की आर्थिक मदद की बात कही गई है वही कांग्रेस के दिग्गज राहुल गांधी भी जल्द ही पीड़ित बच्चे और उसके नाना से सम्पर्क करेंगे।

आपको बता दें कि शुक्रवार को कांग्रेस ने भी इनकी आर्थिक मदद की थी वहीं कई समाजसेवियों ने भी अपनी ओर से आर्थिक मदद की है। इस पूरे मामले में निगम पर ही सवाल उठ रहे हैं क्योंकि शायद उनको ये नही पता है अंडे, हरी सब्जियों की तरह फेरी लगाकर नही बेचे जाते है। फिलहाल, इंदौर में अंडों के कारण ही मामले ने तूल पकड़ा था और अब निगम की कार्रवाई के बाद अंडा विवाद आर्थिक मदद में बदलता जा रहा है।

Gaurav Sharma
लेखक के बारे में
Gaurav Sharma

निदेशक और संपादक

पत्रकारिता पेशा नहीं ज़िम्मेदारी है और जब बात ज़िम्मेदारी की होती है तब ईमानदारी और जवाबदारी से दूरी बनाना असंभव हो जाता है। एक पत्रकार की जवाबदारी समाज के लिए उतनी ही आवश्यक होती है जितनी परिवार के लिए क्यूंकि समाज का हर वर्ग हर शख्स पत्रकार पर आंख बंद कर उस तरह ही भरोसा करता है जितना एक परिवार का सदस्य करता है। पत्रकारिता मनुष्य को समाज के हर परिवेश हर घटनाक्रम से अवगत कराती है, यह इतनी व्यापक है कि जीवन का कोई भी पक्ष इससे अछूता नहीं है। यह समाज की विकृतियों का पर्दाफाश कर उन्हे नष्ट करने में हर वर्ग की मदद करती है। इसलिए पं. कमलापति त्रिपाठी ने लिखा है कि," ज्ञान और विज्ञान, दर्शन और साहित्य, कला और कारीगरी, राजनीति और अर्थनीति, समाजशास्त्र और इतिहास, संघर्ष तथा क्रांति, उत्थान और पतन, निर्माण और विनाश, प्रगति और दुर्गति के छोटे-बड़े प्रवाहों को प्रतिबिंबित करने में पत्रकारिता के समान दूसरा कौन सफल हो सकता है। View all posts by Gaurav Sharma →
Follow Us :GoogleNews