“पार्टी जाए भाड़ में” बोलने वाली कांग्रेस पार्षद रुबीना खान बोलीं, राहुल गांधी से करूंगी जिला अध्यक्ष चिंटू चौकसे की शिकायत

रुबीना खान के ओवैसी की पार्टी एआईएमआईएम में जाने की चर्चा भी इंदौर के सियासी गलियारों में चल रही है, मीडिया से बात करते हुए रुबीना खान ने भी इसके संकेत दिए हैं उन्होंने कहा कांग्रेस को कदर नहीं है लेकिन दूसरी पार्टियों को तो है।     
Indore Congress councilor Rubina Khan district president Chintu Chouksey

Indore Congress councilor Rubina Khan district president Chintu Chouksey

वंदे मातरम गाने से इंकार करने वालीं और पार्टी जाए भाड़ में बोलने वालीं इंदौर नगर निगम की पार्षद रुबीना खान पर पार्टी जल्दी बड़ा एक्शन लेगी, जिला अध्यक्ष चिंटू चौकसे ने पार्षद के बयान को गंभीरता से लेते हुए इसे अनुशासनहीनता माना है और उनके निष्कासन का प्रस्ताव बनाकर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पास भेज दिया है, उधर पार्षद रुबीना खान ने भी चिंटू चौकसे को आड़े हाथ लिया है और कहा है कि वे राहुल गांधी से मिलकर उनकी शिकायत करेंगी।

देश के राष्ट्रगीत वंदे मातरम को गाने से इंकार कर चर्चा में आई इंदौर नगर निगम की कांग्रेस पार्षद रुबीना खान जिन्हें लोग रुबीना इकबाल खान के नाम से भी जानते हैं अब अपनी ही पार्टी में घिर गई हैं , पहले राष्ट्रगीत को गाने से इंकार करना फिर पार्टी जाए भाड़ में कहकर उन्होंने अपने ऊपर ही आफत मोल ले ली है, पार्टी उनके निष्कासन की तैयारी में है, संभव है एक दो दिन में इसकी घोषणा भी हो जाए।

इंदौर जिला अध्यक्ष चिंटू चौकसे ने रुबीना खान के बयानों पर नाराजगी जताई है उन्होंने कहा जिस राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान को गा-गा कर हमारे क्रातिकारियों ने देश को आजादी दिलाई, अंग्रजों को भगाया जो हमारे राष्ट्रप्रेम का प्रतीक है उसे कैसी कोई कांग्रेसी गाने से मना कर सकता है, उन्होंने कहा राष्ट्रगीत धर्म मजहब से बहुत ऊपर है, उन्होंने रुबीना खान द्वारा पार्टी के लिए अपशब्दों का इस्तेमाल करने पर भी नाराजगी जताई और कहा कि रुबीना खान आज से ही अपने को कांग्रेस पार्टी से बाहर माने।

जिला कांग्रेस ने पीसीसी को भेजा निष्कासन का प्रस्ताव 

चिंटू चौकसे ने कहा मैंने उनके निष्कासन का प्रस्ताव पीसीसी को भेज दिया है जल्दी ही वे पार्टी से बाहर होंगी। जिला अध्यक्ष चिंटू चौकसे ने कहा कि कांग्रेस के अधिवेशनों में हमेशा से राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान बजता रहा है और सभी कांग्रेसी उसका आदर करते हैं इसलिए अब से कांग्रेस की सभी मीटिंगों में इसे बजाया जायेगा, जिसे गाना हो वो आये और जिसे नहीं गाना वो मीटिंग में नहीं आये, चिंटू के इस बयान ने अब नई बहस को जन्म दे दिया है।

अपने बयान की सफाई में ये बोली महिला पार्षद 

उधर पार्षद रुबीना खान ने कहा कि चिंटू चौकसे कुछ भी कहते रहें मेरे पास अभी तक ना पीसीसी की तरफ से,  ना प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी की तरफ से कोई पत्र आया है जब आयेगा तब देखेंगे, अपने बयान पर सफाई देते हुए पार्षद रुबीना खान ने कहा कि उस समय मैंने जो कहा वो गुस्से में कहा था क्योंकि लोग मेरी वफ़ादारी के सबूत मांग रहे थे उन्होंने कहा जब एक अकेली औरत को 60-70 लोग घेर कर खड़े हो जायेंगे और टार्गेट करेंगे तो वो क्या करेगी, मुझसे मीडिया कह रही थी कांग्रेस आपके साथ नहीं है तो मैंने कह दिया कांग्रेस जाए भाड़ में।

रुबीना खान का चिंटू चौकसे पर पलटवार 

रुबीना खान ने जिला अध्यक्ष चिंटू चौकसे पर पलटवार करते हुए कहा कि वो अपने आपको देखें, जब वो गली में गिल्ली डंडा खेलते थे तब से मेरे पति राजनीति कर रहे हैं, चिंटू चौकसे होते कौन हैं हमें पार्टी से निकालने वाले, हम राहुल गांधी की कांग्रेस में हैं चिंटू चौकसे की कांग्रेस में नहीं।  उन्होंने कहा मैं जल्दी ही राहुल गांधी से मिलकर चिंटू चौकसे की शिकायत करुँगी।

रुबीना को ओवैसी की पार्टी से न्योता!

उधर रुबीना खान के ओवैसी की पार्टी एआईएमआईएम में जाने की चर्चा भी इंदौर के सियासी गलियारों में चल रही है, मीडिया से बात करते हुए रुबीना खान ने भी इसके संकेत दिए हैं उन्होंने कहा कांग्रेस को कदर नहीं है लेकिन दूसरी पार्टियों को तो है।

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews