
Indore News : मध्य प्रदेश के इंदौर जिला में पुलिस विभाग द्वारा लगातार शहर में ड्रग माफिया और नशे के अवैध कारोबारियों पर नजर रखी जा रही है। इसी बीच पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है, जब क्राइम ब्रांच ने कार्रवाई करते हुए 13 ग्राम एमडी ड्रग्स के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जिनपर विभिन्न धाराओं में मामला पंजीबद्ध कर आगे की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
बता दें कि क्राइम ब्रांच को मुखबिर से सूचना मिली थी कि शहर में अवैध मादक पदार्थ की तस्करी होने वाली है। जिसकी रोकथाम के लिए पुलिस टीम का गठन किया गया।
चलाया चेकिंग अभियान
त्वरित कार्रवाई करते हुए शहर के विभिन्न स्थानों पर चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान MR4 रोड, लक्ष्मी बाई रेलवे स्टेशन के पास एक संदिग्ध एक्टिवा सवार को रोका गया। तभी दोनों स्कूटी सवारों ने भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया। वहीं, तलाशी लेने पर उनके पास से 13 ग्राम एमडी ड्रग्स, 3 मोबाइल फोन और टू-व्हीलर बरामद की गई। जब्त किए गए मादक पदार्थ की कीमत बाजार में करीब 2 लाख रुपए बताई जा रही है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान वारिस अली और अमान के रूप में हुई है। पुलिस द्वारा उनसे पूछताछ की जा रही है। साथ ही आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
एडिशनल डीसीपी ने दी जानकारी
एडिशनल डीसीपी क्राइम राजेश दंडोतिया ने जानकारी देते हुए बताया कि इंदौर में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। साथ ही उन्होंने जनता से अपील की कि यदि कहीं भी नशीले पदार्थों की तस्करी की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें।
[dgv_vimeo_video id=”1059645274″]
इंदौर, शकील अंसारी
सीनियर कंटेंट राइटर · डिप्लोमा इन मास कम्युनिकेशन, बीए. 2022 से MP Breaking News में; पहले लाइव इंडिया, VIP News Channel और Khabar Bharat में कार्य.



