
मध्यप्रदेश के सागर में पुलिस ने अवैध विस्फोटक के भंडारण और बिक्री का खुलासा किया है। दरअसल बहेरिया थाना क्षेत्र के ग्राम मझगुवां में एक गोदाम पर दबिश देकर पुलिस ने 87 कार्टून विस्फोटक सामग्री जब्त की है। इसे घर के पीछे बने भूसे के कमरे और बाहर खड़ी पिकअप में छिपाकर रखा गया था। जब्त सामग्री और वाहन की कीमत करीब 14 लाख रुपए बताई गई है। पुलिस ने उत्तरप्रदेश के एक युवक को गिरफ्तार किया है जबकि दूसरे आरोपी की तलाश की जा रही है।
दरअसल सागर पुलिस को सूचना मिली थी कि मझगुवां गांव में दुलीचंद पटेल के घर के पीछे बने कमरे में विस्फोटक सामग्री रखी गई है। यहां से जिलेटिन रॉड, डेटोनेटर और दूसरी सामग्री बेचने का काम किया जा रहा था। सूचना के आधार पर तीन थानों की पुलिस टीम ने एक साथ कार्रवाई की। तलाशी के दौरान पुलिस को भूसे के कमरे के अलावा घर के बाहर खड़ी पिकअप से भी विस्फोटक सामग्री मिली।
पुलिस ने सामान जब्त किया
इस कार्रवाई में पुलिस ने अलग-अलग तरह के डेटोनेटर, सेफ्टी फ्यूज और अन्य सामान जब्त किया है। जब्त सामग्री में 800 इलेक्ट्रॉनिक डेटोनेटर होने की बात भी सामने आई है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि इतनी बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री कहां से लाई गई थी और इसे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था।
तीन थानों की पुलिस ने दी दबिश
पुलिस के मुताबिक मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम मझगुवां में दुलीचंद पटेल ने अपने घर के पीछे बने भूसे के कमरे और बाहर खड़े वाहनों में विस्फोटक सामग्री छिपाकर रखी है। यहां से जिलेटिन रॉड, डेटोनेटर और दूसरी सामग्री की बिक्री की जा रही थी। सूचना मिलने के बाद एसपी संजीव कुमार सिंहा ने तीन थानों की पुलिस टीम बनाई और मौके पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसके बाद पुलिस टीम ने गांव पहुंचकर दुलीचंद के घर पर बने गोदाम की तलाशी ली। पुलिस ने आरोपी रिंकू की निशानदेही पर घर के पीछे बने भूसे के कमरे और बाहर खड़ी पिकअप वाहन की जांच की। पिकअप का नंबर MP 15 G 1578 है। तलाशी के दौरान दोनों जगहों से बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री बरामद हुई।
पुलिस को शक है कि इस जगह का इस्तेमाल विस्फोटक सामग्री रखने और उसकी सप्लाई करने के लिए किया जा रहा था। हालांकि, इसका पूरा नेटवर्क कितना बड़ा है और इसमें अन्य लोग भी शामिल हैं या नहीं, यह जांच के बाद ही साफ होगा। पुलिस ने गोदाम से मिली सामग्री को जब्त कर लिया है। पिकअप वाहन को भी कार्रवाई में शामिल किया गया है।
सेफ्टी फ्यूज समेत ये सामान जब्त
पुलिस की कार्रवाई में अलग-अलग तरह की विस्फोटक सामग्री मिली है। जब्त सामान में सुप्रीम प्लेन डेटोनेटर के 100 नग, PVC ट्यूब एक्सेसरीज के 22 पैकेट में कुल 800 नग और इलेक्ट्रॉनिक डेटोनेटर के 7 पैकेट में 70 नग शामिल बताए गए हैं। इसके अलावा सेफ्टी फ्यूज के 2 पैकेट भी मिले हैं, जिनमें 11-11 किलो सामग्री थी। पुलिस ने इन सामानों के अलावा 42 छोटे-बड़े खुले सामान, एसटीएलडी और टीएलडी-119 भी जब्त किए हैं। विस्फोटक सामग्री के साथ पिकअप वाहन को भी जब्त किया गया है। पुलिस के मुताबिक, पूरे जब्त सामान और वाहन की कीमत करीब 14 लाख रुपए है।
उत्तरप्रदेश का युवक गिरफ्तार
वहीं कार्रवाई के दौरान पुलिस ने रिंकू पिता अमरजीत (32) निवासी ग्राम नरियाव जहांगीर, जिला अंबेडकर नगर, उत्तरप्रदेश को गिरफ्तार किया है। बहेरिया थाना प्रभारी शशिकांत गुर्जर ने बताया कि दुलीचंद पटेल निवासी ग्राम मझगुवां और रिंकू के खिलाफ विस्फोटक पदार्थ अधिनियम समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज किया गया है।
4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.



