
अंडर-19 एशिया कप 2026 में आज भारत और पाकिस्तान के बीच बड़ा मुकाबला खेला जाएगा। दरअसल ओमान के अल अमीरात क्रिकेट ग्राउंड पर दोनों टीमें सुबह 10:30 बजे आमने-सामने होंगी। भारत की ओर से वीरेंद्र सहवाग के बेटे आर्यवीर सहवाग पर खास नजर रहेगी जिन्होंने नेपाल के खिलाफ पहले मैच में नाबाद 70 रन बनाए थे। वहीं पाकिस्तान के उस्मान खान भी 139 रन की पारी खेलकर आ रहे हैं। दोनों टीमों ने टूर्नामेंट में जीत के साथ शुरुआत की है।
दरअसल भारत और पाकिस्तान दोनों के पास इस मुकाबले में ग्रुप-A में अपनी स्थिति मजबूत करने का मौका है। भारत ने अपने पहले मैच में नेपाल को 10 विकेट से हराया था जबकि पाकिस्तान ने UAE को 9 विकेट से शिकस्त दी थी। दोनों टीमों के खाते में 2-2 अंक हैं। ऐसे में रविवार का मुकाबला दोनों के लिए अहम रहेगा। मैच का टॉस सुबह 10 बजे होगा और खेल सुबह 10:30 बजे शुरू होगा।
टॉप ऑर्डर के बल्लेबाजों पर नजर रहेगी
वहीं इस मैच में दोनों टीमों के टॉप ऑर्डर के बल्लेबाजों पर नजर रहेगी। भारत के आर्यवीर सहवाग ने पहले मैच में शानदार बल्लेबाजी की थी। उन्होंने 52 गेंदों पर नाबाद 70 रन बनाए थे। दूसरी ओर, पाकिस्तान के उस्मान खान ने UAE के खिलाफ 120 गेंदों पर नाबाद 139 रन की पारी खेली थी। दोनों बल्लेबाज अपनी टीम के लिए पहले मैच में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी रहे।
भारत Vs पाकिस्तान अंडर-19 हेड-टू-हेड
दरअसल भारत और पाकिस्तान की अंडर-19 टीमों के बीच पिछले पांच मुकाबलों में पाकिस्तान ने तीन और भारत ने दो मैच जीते हैं। हालांकि फरवरी 2026 में खेले गए अंडर-19 वर्ल्ड कप में भारत ने पाकिस्तान को 58 रन से हराया था। अब पाकिस्तान के पास उस हार का हिसाब बराबर करने का मौका होगा। इससे पहले दिसंबर 2025 में दोनों टीमों के बीच दो मुकाबले हुए थे। इनमें एक मैच पाकिस्तान ने 191 रन से जीता था, जबकि दूसरे मुकाबले में भारत ने 90 रन से जीत दर्ज की थी। इन नतीजों से साफ है कि दोनों टीमों के बीच मुकाबले काफी कड़े रहे हैं। भारत की टीम इस बार पहले मैच में मिली बड़ी जीत के बाद मैदान पर उतरेगी। वहीं, पाकिस्तान ने भी UAE के खिलाफ 9 विकेट से जीत दर्ज की थी। दोनों टीमों के बल्लेबाज और गेंदबाज अच्छी शुरुआत के बाद इस मुकाबले में भी प्रदर्शन दोहराना चाहेंगे।
ग्रुप-A में भारत-पाकिस्तान की टक्कर
अंडर-19 एशिया कप में कुल 8 टीमें हिस्सा ले रही हैं। इन्हें दो ग्रुप में बांटा गया है। ग्रुप-A में भारत, पाकिस्तान, UAE और नेपाल हैं। वहीं ग्रुप-B में अफगानिस्तान, बांग्लादेश, श्रीलंका और मलेशिया की टीमें शामिल हैं। भारत और पाकिस्तान ने अपने पहले मैच जीतकर 2-2 अंक हासिल किए हैं। आज जीतने वाली टीम ग्रुप-A में अपनी स्थिति मजबूत कर लेगी। टूर्नामेंट के नियमों के मुताबिक, दोनों ग्रुप से टॉप-2 टीमें सेमीफाइनल में जगह बनाएंगी। सेमीफाइनल मुकाबले 12 नवंबर को खेले जाएंगे, जबकि फाइनल 14 नवंबर को होगा।
भारत और पाकिस्तान की अंडर-19 टीमों के स्क्वॉड
भारत अंडर-19: लक्ष्य रायचंदानी (कप्तान), आर्यवीर सहवाग, वीके विनीथ, यशवर्धन सिंह चौहान (उपकप्तान), कुशाग्र ओझा, अर्जुन राजपूत, मनल चौहान, अन्वय द्रविड़ (विकेटकीपर), रजत बघेल (विकेटकीपर), वी. यशवीर, आर्यन सावसानी, मोहित उल्वा, काव्या पटेल, शाविन विनोद और ईशान सूद।
पाकिस्तान अंडर-19: फरहान यूसुफ (कप्तान), अब्दुल कादिर (विकेटकीपर), अब्दुल सुभान, अहमद हुसैन, अली रजा, हमजा जाहूर (विकेटकीपर), हसनैन अब्बास डार, हयाम खान, हुजैफा अहसान, जहांगीर बिलाल, मोहम्मद हुजैफा, मोहम्मद सैयम, निकाब शफीक, रिजवानुल्लाह और उस्मान खान।
4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.



