
बिहार क्रिकेट एसोसिएशन (BCA) ने 2026-27 सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के शुरुआती दो मैचों के लिए टीम का ऐलान कर दिया है। दरअसल इसमें 15 साल के वैभव सूर्यवंशी को कप्तानी सौंपी गई है जबकि सूरज कश्यप टीम के उपकप्तान बनाए गए हैं। 14 नवंबर से शुरू हो रहे इस टूर्नामेंट में बिहार को शुरुआती मुकाबले सौराष्ट्र और रेलवे के खिलाफ खेलने हैं। वैभव सूर्यवंशी को इतनी कम उम्र में बिहार की टी20 टीम की कमान मिलना उनके क्रिकेट करियर का बड़ा मौका है।
दरअसल BCA ने शुक्रवार 6 नवंबर को टीम की घोषणा की। जारी स्क्वॉड में वैभव के नाम के आगे कप्तान लिखा गया है। शुरुआती दो मैचों के लिए कुल 17 खिलाड़ियों को मुख्य टीम में जगह दी गई है।
वैभव सूर्यवंशी को क्यों मिली कप्तानी?
दरअसल बिहार क्रिकेट के प्रेसिडेंट हर्ष वर्धन ने IANS से बातचीत में कहा कि वैभव ने कम उम्र में ही अपनी प्रतिभा, आत्मविश्वास और परिपक्वता दिखाई है। उनके मुताबिक कप्तानी की जिम्मेदारी वैभव को एक क्रिकेटर और लीडर के रूप में आगे बढ़ने का एक और मौका देगी। हर्ष वर्धन ने उम्मीद जताई कि वैभव की कप्तानी में टीम आने वाले सीजन में अनुशासित और प्रतिस्पर्धी प्रदर्शन करेगी।
सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में बिहार के शुरुआती मुकाबले
सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2026-27 की शुरुआत 14 नवंबर से हो रही है। बिहार क्रिकेट एसोसिएशन ने फिलहाल शुरुआती दो मैचों के लिए टीम घोषित की है। बिहार का पहला मुकाबला सौराष्ट्र के खिलाफ होगा, जबकि दूसरा मैच 16 नवंबर को रेलवे की टीम से खेला जाएगा। इन दोनों मुकाबलों में वैभव सूर्यवंशी टीम की अगुआई करेंगे।
बिहार की 17 सदस्यीय टीम में वैभव सूर्यवंशी कप्तान और सूरज कश्यप उपकप्तान हैं। इनके अलावा आलोक कुमार, आयुष लोहारुका, अल्तमश अशरफ, परम कुमार सिंह, अनमोल कुमार, ऋत्विक राज, मयंक कुमार, राघवेंद्र प्रताप, आशीष कुमार, वासुदेव प्रताप सिंह, मोहम्मद इजहार, अमोद यादव, प्रशांत सिंह, नवाज खान और हिमांशु सिंह को जगह मिली है। आयुष लोहारुका और अनमोल कुमार विकेटकीपर के तौर पर टीम में शामिल हैं।
दो खिलाड़ियों का खेलना फिटनेस पर निर्भर
वहीं BCA ने मंगल महौर और शाकिब हुसैन को लेकर बताया है कि इन दोनों खिलाड़ियों का खेलना उनकी फिटनेस पर निर्भर करेगा। इसके अलावा 16 खिलाड़ियों को स्टैंडबॉय के तौर पर रखा गया है। इनमें बिपिन सौरभ, सुमन कुमार, आकाश राज, खालिद आलम, भास्कर दुबे, कुमार रजनीश, सुयश और अभिजीत साकेत शामिल हैं।
4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

