
धार: दीपावली के त्योहार को देखते हुये मध्यप्रदेश में मिलावटखोरों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा विभाग ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। त्योहार के दौरान लोगों को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिये विभाग की टीमें लगातार छापेमारी कर मिलावटी खाद्य सामग्री के कारोबार पर शिकंजा कस रही हैं। इसी बीच, धार में शुक्रवार को खाद्य सुरक्षा विभाग ने विशेष निरीक्षण अभियान चलाया।
बता दें कि खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने जिले में मिठाई दुकानों, डेयरी, रेस्टोरेंट और नमकीन विक्रेताओं सहित 14 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान कुल 38 खाद्य पदार्थों के सैंपल लिये गये। सभी सैंपल जांच के लिये भोपाल स्थित राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजे गये हैं।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने कई प्रतिष्ठानों का किया निरीक्षण
बता दें कि धार कलेक्टर राजीव रंजन मीना के निर्देश पर अभिहित अधिकारी डॉ. अनिता सिंगारे के निर्देशन में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों रामगोपाल मऊटा और सुभाष खेड़कर ने कार्रवाई की। विभाग की टीम ने पहले कुक्षी तहसील के चीखल्दा स्थित गोकुल डेयरी एवं स्वीट्स, सुसारी की ग्वाला डेयरी उत्पाद और कुक्षी बस स्टैंड की अंबिका स्वीट्स, गोकुल स्वीट्स व इंडियन स्वीट्स का का निरीक्षण किया।
इसके बाद, विभाग की टीम ने राजश्री घी भंडार, विजय श्री घी भंडार, रणजीत डेयरी, खंडेलवाल स्वीट्स, बड़नगर कचौरी वाला, बॉम्बे चौपाटी आइसक्रीम एंड पाव भाजी और बमबम स्वीट्स एंड नमकीन सहित अन्य प्रतिष्ठानों की जांच की गई। वहीं, पराग स्वीट्स और दीप श्री स्वीट्स से खाद्य पदार्थों के सैंपल लिये गये।
विभिन्न खाद्य पदार्थों के लिए सैंपल
निरीक्षण के दौरान विभाग की टीम ने मावा, घी, पनीर, मिल्क केक, पेड़ा, रसगुल्ला, गुलाब जामुन, काजू कतली, नमकीन, सोनपपड़ी, बादाम शेक और पाव-ब्रेड के सैंपल लिये हैं। विभाग के अनुसार, जांच रिपोर्ट मिलने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
दो प्रतिष्ठानों को नोटिस जारी
खाद्य सुरक्षा विभाग को बड़नगर कचौरी वाला और चीखल्दा स्थित गोकुल डेयरी एवं स्वीट्स में साफ-सफाई की कमी मिली, इसके साथ ही अन्य खामियां भी नजर आईं। इस दौरान विभाग की टीम ने सुधार सूचना नोटिस जारी किये हैं।
7 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.
