
धार जिले के बदनावर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम बरमंडल में मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी शहीद TI दिलीप पुरी के परिवार से मिलने पहुंचे। दरअसल उन्होंने परिजनों से मुलाकात कर शोक जताया और परिवार को ढांढस बंधाया। करीब 45 मिनट तक गांव में रुके जीतू पटवारी ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से पुलिस विभाग के तृतीय और चतुर्थ श्रेणी के कर्मचारियों के बच्चों की पढ़ाई पूरी तरह मुफ्त करने की मांग की। इस दौरान उन्होंने प्रदेश की कानून व्यवस्था, अवैध शराब के कारोबार और मंत्री विश्वास सारंग के बयानों को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा।
दरअसल जीतू पटवारी ने शहीद दिलीप पुरी को श्रद्धांजलि देने के बाद उनके परिवार के साथ समय बिताया। इस दौरान उन्होंने परिवार की परेशानियों के बारे में जानकारी ली और कहा कि पुलिस विभाग में काम करने वाले कर्मचारियों के परिवारों की जिम्मेदारी सरकार को समझनी चाहिए। मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मियों को अपनी ड्यूटी के दौरान कई तरह की चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में उनके बच्चों की अच्छी पढ़ाई का खर्च उठाना सरकार की जिम्मेदारी होनी चाहिए।
पुलिसकर्मियों के बच्चों को मिले मुफ्त शिक्षा
बरमंडल में मीडिया से बातचीत के दौरान जीतू पटवारी ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मांग की कि पुलिस विभाग के तृतीय और चतुर्थ श्रेणी के कर्मचारियों के बच्चों की पढ़ाई पूरी तरह मुफ्त की जाए। उन्होंने कहा कि इन कर्मचारियों को अपने बच्चों को अच्छी शिक्षा दिलाने के लिए काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ता है। जीतू पटवारी के मुताबिक पुलिस विभाग के निचले पदों पर काम करने वाले कर्मचारियों की आर्थिक स्थिति को देखते हुए सरकार को उनकी शिक्षा की जिम्मेदारी उठानी चाहिए। उन्होंने इस मांग को शहीद दिलीप पुरी के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि से भी जोड़ा। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मी अपनी ड्यूटी निभाते हुए कई बार अपनी जान तक जोखिम में डालते हैं। ऐसे में उनके परिवार और बच्चों की देखभाल करना सरकार की जिम्मेदारी है। खासकर उन कर्मचारियों के बच्चों को शिक्षा में मदद मिलनी चाहिए जिनके माता-पिता सीमित वेतन में परिवार चलाते हैं।
अवैध शराब के कारोबार पर जीतू पटवारी का सरकार पर हमला
वहीं कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने प्रदेश में कानून व्यवस्था और अवैध शराब के कारोबार को लेकर भी राज्य सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि गुजरात तक अवैध शराब पहुंचने का कारोबार सरकार के संरक्षण के बिना संभव नहीं है। सरकार को शराब माफियाओं को संरक्षण देना बंद करना चाहिए। जीतू पटवारी ने कहा कि प्रदेश में लगातार अपराध की घटनाएं सामने आ रही हैं। ऐसे मामलों में सिर्फ बयान देने से काम नहीं चलेगा बल्कि सरकार को कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि अगर मंत्रियों और सरकार के पास अपराधियों के बारे में कोई जानकारी या इनपुट है तो तत्काल कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने सवाल उठाया कि जब लगातार घटनाएं हो रही हैं तो अपराधियों को पकड़ा क्यों नहीं जा रहा और दोषियों को सजा मिलने में देरी क्यों हो रही है। पटवारी ने कहा कि सरकार को जनता को गुमराह करने के बजाय अपनी जिम्मेदारी स्वीकार करनी चाहिए।
विश्वास सारंग पर पटवारी का पलटवार
वहीं मंत्री विश्वास सारंग के बयानों पर प्रतिक्रिया देते हुए जीतू पटवारी ने उन पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि विश्वास सारंग पिछले 25 साल से सरकार में मंत्री हैं। अगर प्रदेश की व्यवस्था में गड़बड़ी है तो इतने सालों में उसे ठीक करने के लिए क्या किया गया? जीतू पटवारी ने तंज कसते हुए कहा कि क्या इतने सालों से मंत्री झांझ-मजीरे बजा रहे थे या सरकार की जगह सर्कस चला रहे थे? उन्होंने कहा कि मंत्रियों को केवल बयानबाजी करने के बजाय प्रदेश में अपराध रोकने के लिए काम करना चाहिए।
उन्होंने आगे कहा कि अगर सरकार के पास अपराधियों और अवैध कारोबार से जुड़ी जानकारी है तो उस पर तुरंत कार्रवाई होनी चाहिए। किसी को भी कार्रवाई करने से रोकने वाला कोई नहीं है। सरकार को यह बताना चाहिए कि लगातार सामने आ रही घटनाओं पर अब तक क्या कदम उठाए गए हैं।
मो अन्सार, धार, मप्र
4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

