दमोह में किसान की संदिग्ध मौत से मचा हड़कंप, जबरन शराब पिलाने का आरोप, जांच में जुटी पुलिस

दमोह में खाद लेने आये किसान की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों ने जबरन शराब पिलाकर हत्या किये जाने की आशंका जताई है। वहीं पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Damoh News

दमोह: मध्यप्रदेश के दमोह जिले से एक बड़ी खबर सामने आई है जहां खाद लेने आये एक किसान की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से हड़कंप मच गया। मामला जिले के पथरिया का है। जानकारी अनुसार, किंद्रहो गांव निवासी 40 वर्षीय किसान धनीराम पटेल शुक्रवार शाम खाद लेने के लिये पथरिया आये थे। इसी दौरान वह रजवास तिराहे के पास बेहोशी की हालत में मिले। जिसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने किसान को मृत घोषित कर दिया।

परिजनों के अनुसार, धनीराम पटेल गांव के दो अन्य लोगों के साथ खाद लेने पथरिया आये थे। दोपहर बाद परिजनों को फोन पर सूचना मिली कि धनीराम वहां पड़े हुये हैं। जब परिजन मौके पर पहुंचे तो उनकी सांसें चल रही थीं लेकिन उनके साथ आये दोनों लोग वहां मौजूद नहीं थे। इसके बाद परिजन उन्हें लेकर अस्पताल पहुंचे। जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद धनीराम को मृत घोषित कर दिया।

किसान की मौत पर परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

परिजनों का आरोप है कि धनीराम के साथ पथरिया आये लोगों से संपर्क किया गया, लेकिन वे मौके पर नहीं पहुंचे और परिजनों को धमकाते भी रहे। परिजनों के मुताबिक, धनीराम को जबरन शराब पिलाई गई थी और यह हत्या का मामला है।

पुलिस मामले की जांच में जुटी

वहीं, डॉक्टरों के अनुसार, धनीराम को मृत अवस्था में अस्पताल लाया गया था। शनिवार को उनका पोस्टमार्टम किया जायेगा। जिसके बाद मौत की असली वजह सामने आ सकेगी। वहीं, पुलिस ने मामले को दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल, मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है। दीपावली की खुशियां दुख में बदल गईं हैं।

दमोह से दिनेश अग्रवाल की रिपोर्ट

Shyam Dwivedi
लेखक के बारे में
Shyam Dwivedi

7 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

पत्रकार वह व्यक्ति होता है जो समाचार, घटनाओं, और मुद्दों की जानकारी देता है, उनकी जांच करता है, और उन्हें विभिन्न माध्यमों जैसे अखबार, टीवी, रेडियो, या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर प्रस्तुत करता है। मेरा नाम श्याम बिहारी द्विवेदी है और मैं पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। View all posts by Shyam Dwivedi →
Follow Us :GoogleNews