Hindi News

इंदौर DAVV के हॉस्टल में डेटिंग ऐप से बॉयफ्रेंड बनाने का दबाव डालने पर छात्रा निष्कासित, जांच समिति की रिपोर्ट पर हुई कार्रवाई

Written by:Rishabh Namdev
Published:
इंदौर के देवी अहिल्या विश्वविद्यालय में एक छात्रा को हॉस्टल की अन्य छात्राओं पर डेटिंग ऐप के जरिए बॉयफ्रेंड बनाने के लिए दबाव डालने के आरोप में हॉस्टल से निष्कासित कर दिया गया है। विश्वविद्यालय की जांच समिति की रिपोर्ट के आधार पर यह कार्रवाई हुई, हालांकि छात्रा ने आरोपों को निराधार बताते हुए इसे एक साजिश करार दिया है।
इंदौर DAVV के हॉस्टल में डेटिंग ऐप से बॉयफ्रेंड बनाने का दबाव डालने पर छात्रा निष्कासित, जांच समिति की रिपोर्ट पर हुई कार्रवाई

इंदौर स्थित देवी अहिल्या विश्वविद्यालय (डीएवीवी) के कमला नेहरू गर्ल्स हॉस्टल में एक छात्रा के निष्कासन का मामला गरमा गया है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने जांच समिति की रिपोर्ट के आधार पर प्रथम वर्ष की एक छात्रा को हॉस्टल से निकाल दिया है। छात्रा पर आरोप है कि वह अन्य छात्राओं पर डेटिंग ऐप के माध्यम से बॉयफ्रेंड बनाने और अज्ञात युवकों से बात करने का दबाव बनाती थी।

यह मामला तब सामने आया जब हॉस्टल की पांच छात्राओं ने वार्डन से लिखित में शिकायत की। शिकायत के बाद विश्वविद्यालय ने एक चार सदस्यीय जांच समिति का गठन किया। समिति ने करीब दस से अधिक छात्राओं के बयान दर्ज किए, जिसमें आरोपों की पुष्टि हुई। रिपोर्ट के आधार पर प्रशासन ने छात्रा को हॉस्टल से निष्कासित करने का फैसला किया। पश्चिम बंगाल की रहने वाली यह छात्रा डेटा साइंस विभाग में पांच वर्षीय इंटीग्रेटेड कोर्स की पढ़ाई कर रही है।

जांच में सामने आए गंभीर आरोप

विश्वविद्यालय द्वारा गठित जांच समिति में डॉ. अर्चना रांका, डॉ. सुधिरा चंदेल, डॉ. निशा सिद्दीकी और वार्डन डॉ. अर्पिता लाखरे शामिल थीं। समिति की जांच में कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए। शिकायतकर्ता छात्राओं ने बताया कि आरोपी छात्रा उन्हें ‘कॉलेज लाइफ एंजॉय करने’ के नाम पर बॉयफ्रेंड बनाने के लिए उकसाती थी।

रिपोर्ट के मुताबिक, छात्रा अन्य लड़कियों को डेटिंग ऐप पर प्रोफाइल बनाने और अनजान लड़कों से वीडियो कॉल पर बात करने के लिए भी प्रेरित करती थी। जांच के दौरान जब समिति ने छात्रा के कमरे की तलाशी ली तो वहां से कुछ आपत्तिजनक वस्तुएं और सिगरेट बरामद होने का भी दावा किया गया है। समिति ने इन वस्तुओं को जब्त कर लिया है।

छात्रा ने कहा- निजी बातों को मुद्दा बनाया गया

दूसरी ओर, निष्कासित छात्रा ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को खारिज कर दिया है। उसने विश्वविद्यालय को दिए अपने लिखित स्पष्टीकरण में कहा है कि यह उसके खिलाफ एक साजिश है। छात्रा का कहना है, “वीडियो कॉल पर बात करना मेरा निजी मामला है, जिसे गलत तरीके से पेश किया जा रहा है।” उसने किसी भी छात्रा पर बॉयफ्रेंड बनाने के लिए दबाव डालने की बात से इनकार किया है। छात्रा ने अपने जब्त किए गए सामान को वापस करने की भी मांग की है।

पढ़ाई जारी रहेगी, पिता को बुलाया इंदौर

विश्वविद्यालय प्रशासन ने इस मामले में छात्रा के पिता से संपर्क किया है, जो कोलकाता में रहते हैं। उन्हें इंदौर बुलाया गया है और वह जल्द ही अधिकारियों से मुलाकात करेंगे। प्रवेश के समय छात्रा ने स्थानीय अभिभावक (लोकल गार्जियन) की जानकारी फॉर्म में नहीं दी थी।

“कार्रवाई केवल हॉस्टल के नियमों के उल्लंघन को लेकर की गई है। इससे छात्रा की पढ़ाई प्रभावित नहीं होगी। वह नियमित रूप से अपनी कक्षाएं अटेंड कर सकती है।” — प्रज्वल खरे, कुलसचिव, डीएवीवी

विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि यह कार्रवाई सिर्फ हॉस्टल अनुशासन से जुड़ी है और छात्रा को कोर्स से नहीं निकाला गया है। फिलहाल, छात्रा ने वैकल्पिक आवास की व्यवस्था कर अपनी पढ़ाई जारी रखी है।

मध्य प्रदेश से जुड़ी विश्वसनीय और ताज़ा खबरें MP Breaking News in Hindi यहां आपको मिलती है MP News के साथ साथ लगातार अपडेट, राजनीति, अपराध, मौसम और स्थानीय घटनाओं की सटीक जानकारी। भरोसेमंद खबरों के लिए हमारे साथ जुड़े रहें और अपडेटेड रहें !
Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev
Follow Us :GoogleNews