Hindi News

इंदौर में 11 साल बाद फिर आईपीएल फैन पार्क, आज और कल नेहरू स्टेडियम में होगा आयोजन, एंट्री रहेगी फ्री

Written by:Rishabh Namdev
Published:
इंदौर के क्रिकेट प्रेमियों के लिए बड़ी खबर है! दरअसल 11 साल बाद नेहरू स्टेडियम में आईपीएल फैन पार्क का आयोजन हो रहा है। वहीं 10 हजार दर्शक लाइव मैच का लुत्फ उठाएंगे, जानकारी दे दें कि इसमें प्रवेश निःशुल्क रहेगा।
इंदौर में 11 साल बाद फिर आईपीएल फैन पार्क, आज और कल नेहरू स्टेडियम में होगा आयोजन, एंट्री रहेगी फ्री

इंदौर में 11 साल के लंबे अंतराल के बाद एक बार फिर आईपीएल फैन पार्क का आयोजन किया जा रहा है। दरअसल शहर के क्रिकेट प्रेमियों को स्टेडियम जैसे रोमांचक माहौल का अनुभव देने के लिए यह पहल की गई है। वहीं 16 और 17 मई को नेहरू स्टेडियम में इस भव्य फैन पार्क की व्यवस्था रहेगी। यहां 10 हजार से अधिक दर्शक 18×32 फीट की हाई क्वालिटी स्क्रीन पर इंडियन प्रीमियर लीग के मैचों का सीधा प्रसारण देख सकेंगे। इस आयोजन में सभी दर्शकों के लिए प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क रखा गया है।

दरअसल एमपीसीए सचिव सुधीर असनानी ने बताया कि इंदौर ने अब तक सभी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैचों की सफलतापूर्वक मेजबानी की है। हर मैच में स्टेडियम दर्शकों से खचाखच भरा रहा है। क्रिकेट के प्रति शहर की इसी दीवानगी और जुनून को देखते हुए बीसीसीआई ने इंदौर के दर्शकों के लिए फैन पार्क बनाने का महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। यह निर्णय शहर के क्रिकेट प्रेमियों के उत्साह को और बढ़ाएगा।

BCCI ने 2015 में फैन पार्क की शुरुआत की थी

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने 2015 में फैन पार्क की शुरुआत की थी। इसका मुख्य उद्देश्य उन शहरों के क्रिकेट प्रेमियों को स्टेडियम जैसा माहौल उपलब्ध कराना है, जहां आईपीएल के मैच आयोजित नहीं होते हैं। 11 साल के बाद एक बार फिर इंदौर को इस विशेष आयोजन की मेजबानी का मौका मिला है, जो शहर के लिए एक बड़ी उपलब्धि है।

फैन पार्क की शुरुआत 16 मई को कोलकाता नाइट राइडर्स और गुजरात टाइटंस के बीच होने वाले मुकाबले से होगी। यह हाईवोल्टेज मैच कोलकाता के ईडन गार्डन में शाम 7:30 बजे से खेला जाएगा। इस मैच के लिए दर्शकों को शाम 5:30 बजे से फैन पार्क में प्रवेश दिया जाएगा। अगले दिन, 17 मई को दो मुकाबले खेले जाएंगे। पहला मैच दोपहर 3:30 बजे से पंजाब किंग्स और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के बीच होगा। इसके बाद शाम 7:30 बजे से दिल्ली कैपिटल्स और राजस्थान रॉयल्स आमने-सामने होंगे। दर्शकों के मनोरंजन के लिए वर्चुअल बैटिंग जोन, बॉलिंग नेट्स, मनोरंजक गेम्स और लाइव म्यूजिक की भी विशेष व्यवस्था की गई है।

सुविधा और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा गया

दर्शकों की सुविधा और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा गया है। फैन पार्क में मैच देखने आने वाले बुजुर्ग और गर्भवती महिलाओं के लिए अलग से बैठने की आरामदायक व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही, पूरे परिसर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। भीड़ प्रबंधन के लिए महिला, पुरुष और बच्चों के लिए अलग-अलग रंग के रिस्ट बेल्ट बनाए गए हैं। गर्मी के मौसम को देखते हुए पार्क के अंदर ही दर्शकों के लिए स्वच्छ पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है।

लकी ड्रॉ भी निकाले जाएंगे

यह दिलचस्प संयोग है कि 2015 में जब बीसीसीआई ने फैन पार्क की अवधारणा शुरू की थी, तब भी इंदौर में 16 और 17 मई को ही इसका आयोजन किया गया था। 11 साल बाद एक बार फिर इन्हीं तारीखों पर इंदौर में यह फैन पार्क बनाया जा रहा है। मध्य प्रदेश में इंदौर के अलावा भोपाल, ग्वालियर और जबलपुर जैसे शहरों में भी पहले फैन पार्क का सफल आयोजन हो चुका है। इस दौरान दर्शकों के लिए लकी ड्रॉ भी निकाले जाएंगे, जिसमें भाग्यशाली विजेता दर्शकों को खिलाड़ियों की साइन की हुई टी-शर्ट जैसे आकर्षक इनाम दिए जाएंगे।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev
Follow Us :GoogleNews