
इंदौर में मेट्रो से सफर करने वाले यात्रियों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है। जानकारी के मुताबिक इन यात्रियों को अब सफर करने के लिए क्यूआर कोड वाला टिकट मिलेगा। इस टिकट के जरिए ऑटोमेटिक फेयर कलेक्शन सिस्टम वाले बैरियर पर स्कैन करने के बाद प्रवेश मिलेगा। सुपर कॉरिडोर से लेकर रेडिसन चौराहा तक मेट्रो रूट पर लगभग 16 स्टेशन बने हैं और सभी पर यह सिस्टम तैयार किया जा चुका है।
इस नए सिस्टम का सीएमआरएस की जूनियर टीम द्वारा निरीक्षण कर लिया गया है आने वाले दिनों में जैसे ही मेट्रो के इस हिस्से का संचालन शुरू होगा यात्रियों को यह सुविधा मिलने लगेगी। जुलाई के महीने तक मेट्रो में सफर करने वाले यात्रियों को स्मार्ट कार्ड दिए जाने पर भी काम चल रहा है। इस कार्ड में रिचार्ज करवा कर यात्री मेट्रो के सफर का किराया दे सकेंगे। बता दें कि कुछ समय पहले ही दिल्ली मेट्रो रेल के साथ मध्य प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन ने MOU साइन किया था। जिसके तहत इंदौर में ऑटोमेटिक फेयर कलेक्शन सिस्टम लगाने की बात तय हुई थी। अब निरीक्षण होने के बाद मेट्रो रेल सेवा शुरू होते ही यात्रियों को टिकट की यह सुविधा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

दिए जा रहे हैं पर्ची वाले टिकट
सुपर कॉरिडोर के 5.9 किमी हिस्से पर जब मेट्रो का संचालन किया जा रहा था तब यात्रियों को पर्ची वाले टिकट दिए जा रहे थे। तुर्किये की एक कंपनी द्वारा पहले ऑटोमेटिक फेयर सिस्टम लगाया जाने वाला था लेकिन यह नहीं हो पाया। अब दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन द्वारा सभी मेट्रो स्टेशन पर सिस्टम को लगाकर सुविधा शुरू की जाएगी।
The Delhi Metro Rail Corporation (DMRC) today signed an MOU with the Madhya Pradesh Metro Rail Corporation Limited (MPMRCL) for providing a state-of-art Automatic Fare Collection (AFC) system for Bhopal and Indore Metros. pic.twitter.com/hF3OePxMfO
— Delhi Metro Rail Corporation (@OfficialDMRC) December 23, 2025
तैयार हुआ मेट्रो का प्रवेश गेट
विजयनगर मेट्रो स्टेशन पहुंचने के लिए थाने के पास जो प्रवेश गेट बनाया जा रहा था वह तैयार हो गया है। बीते दिन सीएमआरएस की जूनियर टीम की ओर से इसका भी निरीक्षण किया गया। जब इस हिस्से से मेट्रो का संचालन शुरू होगा तब यात्रियों को दो प्रवेश मार्ग से स्टेशन पर पहुंचने की सुविधा मिलेगी।

डबल डेकर का हो रहा निर्माण
लवकुश चौराहा पर डबल डेकर फ्लाईओवर का निर्माण IDA द्वारा निर्धारित की गई एजेंसी की ओर से किया जा रहा है। यह फ्लाईओवर मेट्रो के ऊपर से निकल रहा है। ऐसे में निर्माण एजेंसी और मेट्रो के बीच एमओयू किया जाएगा। जब मेट्रो का संचालन लवकुश चौराहा पर शुरू किया जाएगा तब फ्लाईओवर पर गर्डर लगाने के लिए निर्माण एजेंसी को मेट्रो के साथ बातचीत कर निर्माण कार्य आगे बढ़ाना होगा। इस दौरान लव कुश चौराहा से मेट्रो का संचालन बंद रखा जाएगा।
10 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव, डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में.

