
arrested
Indore News : मध्य प्रदेश का इंदौर जिला हमेशा ही मीडिया में चर्चा का विषय बना रहता है। जिसका दो ताजा हाल ही मामला सामने आया है। जब पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि दूसरी जगह मामूली कहासुनी के बाद दो युवकों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि उनमें जमकर मारपीट हुई। आइए जानते हैं दोनों को विस्तार से….
बदमाशों के बढ़ते हौसले को देखते हुए पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। जिलेभर में मुखबिर तंत्रों को एक्टिव कर दिया है। जिनकी मदद से लगातार अपराधियों को पकड़ने में सफलता भी मिलती है।
पहला मामला
पहला मामला कनाडिया थाना क्षेत्र का है। जब 8 फरवरी की रात तीन अज्ञात बदमाशों ने नकबजनी की वारदात को अंजाम दिया था। इस मामले में पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया और उनकी तलाश शुरू कर दी। जिन्हें आखिरकार गिरफ्तार कर लिया गया है। उनके पास से डेढ़ लाख रुपये से अधिक का चोरी का माल बरामद किया।
एडिशनल डीसीपी ने कही ये बात
एडिशनल डीसीपी अमरेंद्र सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि 8 फरवरी की रात कुछ अज्ञात बदमाशों ने इलाके में चोरी की घटना को अंजाम दिया था। गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपी बायपास इलाके में स्थित सुनसान मकानों को निशाना बनाते थे। वे पहले उन घरों की रेकी करते थे, जहां लोग मौजूद नहीं होते थे। फिर चोरी किया करते थे। फिलहाल, सभी से पूछताछ की कार्रवाई जारी है।
[dgv_vimeo_video id=”1055567576″]
दूसरा मामला
वहीं, दूसरा मामला राऊ थाना क्षेत्र का है, जहां मामूली कहासुनी के बाद दो युवकों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि उनमें जमकर मारपीट हुई। इस दौरान एक युवक ने दूसरे युवक का कान अपने मुंह से चबा डाला, जिससे उसका कान कटकर अलग हो गया।
एसीपी ने कही ये बात
एसीपी रुबीना मिजवानी ने बताया कि शुभम और मनोज नामक दो युवक शराब के नशे में थे, जब आपसी कहासुनी शुरू हुई। शुभम ने मनोज का कान अपने दांतों से काट लिया, जिससे उसका कान पूरी तरह कटकर अलग हो गया। वहीं, मनोज ने भी शुभम पर हमला कर दिया। उसने बियर की बोतल से शुभम के सिर पर वार किया, जिससे वह भी गंभीर रूप से घायल हो गया। फिलहाल, दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने एक-दूसरे के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
[dgv_vimeo_video id=”1055569646″]
इंदौर, शकील अंसारी
सीनियर कंटेंट राइटर · डिप्लोमा इन मास कम्युनिकेशन, बीए. 2022 से MP Breaking News में; पहले लाइव इंडिया, VIP News Channel और Khabar Bharat में कार्य.



