इंदौर–रीवा मार्ग पर चलती बस बनी आग का गोला, लपटों के बीच कूदकर बचे यात्री

मध्य प्रदेश के रायसेन जिले में इंदौर से रीवा जा रही बस अचानक आग का गोला बन गई। देर रात हुए इस हादसे में 5 फीट ऊंची लपटें उठीं, यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई, लेकिन सूझबूझ से सभी की जान बच गई।
इंदौर-रीवा बस में चलती बस में लगी भीषण आग

मध्य प्रदेश में एक बार फिर सड़क हादसे ने यात्रियों को दहशत में डाल दिया। इंदौर से रीवा जा रही एक यात्री बस में चलते-चलते अचानक आग लग गई। यह घटना रायसेन जिले में बम्हौरी ढाबे के पास मंगलवार देर रात करीब 1:30 बजे हुई। बस में सवार यात्री गहरी नींद में थे, तभी अचानक धुएं और आग की गंध से हड़कंप मच गया।

कुछ ही पलों में आग इतनी तेजी से फैली कि बस से करीब 5 फीट ऊंची लपटें उठने लगीं। यात्रियों को जान बचाने के लिए बस से कूदना पड़ा। गनीमत रही कि समय रहते सभी यात्री सुरक्षित बाहर निकल आए और कोई जनहानि नहीं हुई।

टायर फटते ही भड़की आग

प्राथमिक जानकारी के अनुसार, इंदौर से रीवा जा रही जय भवानी ट्रैवल्स की यह बस जैसे ही बम्हौरी ढाबे के पास पहुंची, तभी अचानक बस का एक टायर फट गया। टायर फटने से निकली चिंगारी ने देखते ही देखते आग का रूप ले लिया। बस में ज्वलनशील सामान और ईंधन होने की वजह से आग ने बहुत तेजी से पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया। कुछ ही मिनटों में आग इतनी विकराल हो गई कि बस पूरी तरह जलकर खाक हो गई। इस दौरान हाईवे पर कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ।

5 फीट ऊंची लपटें, यात्रियों में मची अफरा-तफरी

आग लगते ही बस के अंदर चीख-पुकार मच गई। यात्री घबराकर अपनी सीटों से उठे और किसी तरह बाहर निकलने की कोशिश करने लगे। कई यात्रियों ने खिड़कियों और दरवाजों से कूदकर अपनी जान बचाई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग की लपटें करीब 5 फीट तक उठ रही थीं और बस पूरी तरह आग के घेरे में आ चुकी थी। इस दौरान यात्रियों में जबरदस्त अफरा-तफरी का माहौल बन गया। महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग सबसे ज्यादा घबराए हुए थे।

ढाबा स्टाफ और बस कर्मचारियों की सूझबूझ से बचीं जानें

इस बड़े हादसे में पास के ढाबे के कर्मचारियों और बस स्टाफ की सूझबूझ ने कई जिंदगियां बचा लीं। जैसे ही आग लगी, ढाबे के स्टाफ ने तुरंत यात्रियों को बाहर निकालने में मदद शुरू कर दी। अगर कुछ मिनट की भी देरी हो जाती, तो यह हादसा जानलेवा साबित हो सकता था। बस स्टाफ और स्थानीय लोगों की तत्परता की वजह से सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। कुछ यात्रियों को हल्की चोटें जरूर आईं, लेकिन किसी के गंभीर रूप से घायल होने की खबर नहीं है।

कुछ ही मिनटों में जलकर खाक हुई पूरी बस

आग इतनी भयानक थी कि दमकल विभाग के पहुंचने से पहले ही बस पूरी तरह जल चुकी थी। बस के अंदर रखा यात्रियों का सामान, कपड़े और बैग सब कुछ जलकर राख हो गया। आग की तीव्रता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि बस का केवल ढांचा ही बचा, बाकी सब कुछ नष्ट हो गया। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू तो पा लिया, लेकिन तब तक बस पूरी तरह खाक हो चुकी थी।

रायसेन पुलिस और प्रशासन की कार्रवाई

घटना की सूचना मिलते ही रायसेन पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने इलाके को सुरक्षित किया और यातायात को नियंत्रित किया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। शुरुआती जांच में टायर फटने के बाद आग लगने की बात सामने आई है, लेकिन तकनीकी जांच के बाद ही पूरी स्थिति साफ हो पाएगी। बस ऑपरेटर से भी पूछताछ की जा रही है।

Bhawna Choubey
लेखक के बारे में
पत्रकारिता मेरे लिए सिर्फ एक पेशा नहीं, बल्कि सच को जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ समाज तक पहुंचाने का माध्यम है। तथ्यों की पड़ताल, महत्वपूर्ण मुद्दों को समझना और निष्पक्ष खबरों के जरिए लोगों की आवाज़ बनना मेरी पत्रकारिता की पहचान है। View all posts by Bhawna Choubey →
Follow Us :GoogleNews