MP WEATHER TODAY: रतलाम में पारा 44 डिग्री पहुंचा, आज 3 जिलों में लू का अलर्ट, 6 शहरों में बादल-बारिश के आसार

मध्य प्रदेश में रविवार को मौसम के दो रुप देखने को मिलेंगे। एक तरफ 3 जिलों में लू का प्रभाव रहेगा, जबकि 6 जिलों में बारिश की संभावना जताई गई है।
cg weather

मध्य प्रदेश में सूरज के तेवर दिनों दिन सख्त होते जा रहे हैं। शनिवार (18 अप्रैल 2026) को सबसे ज्यादा तापमान रतलाम में 44 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं उमरिया में 43.8 डिग्री व मंडला में 43.2 डिग्री रहा। रविवार (19 अप्रैल 2026) को 3 जिलों में लू और 6 जिलों में बादल छाने के साथ बारिश की संभावना जताई गई है। इससे पहले 1 से 9 अप्रैल के बीच पूरे प्रदेश में आंधी, बारिश और ओलावृष्टि का दौर रह चुका है।

बीते दिन भोपाल, ग्वालियर और रीवा संभाग में तापमान करीब 2 से 3 डिग्री तक ज्यादा रहा। जबलपुर, शहडोल और सागर संभाग में यह बढ़त 3 से 3.6 डिग्री तक दर्ज हुआ। खजुराहो (छतरपुर), गुना, दतिया, दमोह, नौगांव, टीकमगढ़ और सतना में 42 डिग्री के आसपास तापमान दर्ज किया गया।बड़े शहरों की बात करें तो ग्वालियर में 41.9 डिग्री, भोपाल में 41.4 डिग्री, जबलपुर में 41.7 डिग्री, इंदौर में 40.4 डिग्री और उज्जैन में 40.6 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। तेज गर्मी के चलते प्रदेश के इंदौर, सागर और अशोकनगर समेत एक दर्जन जिलों में स्कूलों का समय बदल दिया गया है।

भोपाल मौसम केंद्र के मुताबिक, वर्तमान में एक पश्चिमी विक्षोभ और अलग-अलग स्थानों पर कई चक्रवातीय परिसंचरण सक्रिय है। उत्तर एवं उत्तर-पूर्व भारत के ऊपर, माध्य समुद्र तल से 12.6 किमी की ऊंचाई पर, लगभग 148 किमी प्रति घंटा की गति से उपोष्ण पश्चिमी जेट स्ट्रीम हवाएं बह रही हैं। 19-20 अप्रैल को बादल-बारिश की स्थिति बन सकती है। अप्रैल अंत में ग्वालियर-चंबल, सागर, जबलपुर, रीवा, शहडोल, भोपाल, इंदौर, उज्जैन और नर्मदापुरम संभाग के कुछ जिलों में तापमान 45 °C तक पहुंचने की संभावना जताई गई है। वहीं हीट वेव का भी असर तेज रहेगा।

आज कहां कैसा रहेगा मौसम

  • निवाड़ी, टीकमगढ़ और छतरपुर जिलों में लू चलने की चेतावनी दी है।
  • बड़वानी, खरगोन, खंडवा, हरदा, बैतूल और बुरहानपुर में बादल छाए रहेंगे और हल्की बूंदाबांदी हो सकती है।
  • भोपाल में अधिकतम तापमान करीब 41 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री रहने का अनुमान है। हवा की गति 8 से 10 किलोमीटर प्रति घंटे के आसपास रह सकती ।

MP WEATHER FORECAST REPORT

Pooja Khodani
लेखक के बारे में
Pooja Khodani

12 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया में.

खबर वह होती है जिसे कोई दबाना चाहता है। बाकी सब विज्ञापन है। मकसद तय करना दम की बात है। मायने यह रखता है कि हम क्या छापते हैं और क्या नहीं छापते। (पत्रकारिता में 12 वर्षों से सक्रिय, इलेक्ट्रानिक से लेकर डिजिटल मीडिया तक का अनुभव, सीखने की लालसा के साथ हर खबर पर पैनी नजर) View all posts by Pooja Khodani →
Follow Us :GoogleNews