अमेरिका में मची दिवाली की धूम, “चुनरी चुनरी” पर जमकर थिरके कैरी शहर के मेयर, वीडियो वायरल

अमेरिका के नॉर्थ कैरोलाइना में दिवाली का जश्न धूमधाम से मनाया गया, जहां कैरी और मॉरिसविले के मेयर हैरॉल्ड वाइनब्रेख्ट और टीजे कॉली ने सलमान खान के गाने ‘चुनरी चुनरी’ पर डांस किया।
Diwali ai

आज देशभर में दिवाली की रौनक छाई हुई है। रात होते ही हर गली, हर घर में दीयों की झिलमिलाहट देखने को मिली और ऐसा ही नजारा आज शाम में भी देखने को मिलेगा। दुकानों में मिठाइयों की खुशबू फैली हुई है और आसमान में पटाखों की चमक दिखाई दे रही है। लोग अपने परिवार और दोस्तों के साथ खुशियां बांट रहे हैं। इस बार दिवाली की ये चमक भारत में ही नहीं, बल्कि सात समंदर पार अमेरिका तक जा पहुंची है। वहां भी इस त्योहार की झलक देखने को मिली।

दरअसल, नॉर्थ कैरोलाइना में दिवाली का ऐसा जश्न मनाया गया, जिसने हर किसी का दिल जीत लिया। इस कार्यक्रम में दो अमेरिकी मेयर खुद बॉलीवुड गाने पर थिरकते नजर आए, जिनका यह वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है।

कार्यक्रम का हुआ आयोजन

नॉर्थ कैरोलाइना के कैरी और मॉरिसविले शहर में दिवाली का भव्य आयोजन हुआ। इस खास मौके पर कैरी शहर के मेयर हैरॉल्ड वाइनब्रेख्ट और मॉरिसविले के मेयर टीजे कॉली ने सभी को चौंका दिया। दोनों मेयर मंच पर पहुंचे और सलमान खान की फिल्म बीवी नंबर 1 के मशहूर गाने ‘चुनरी चुनरी’ पर जमकर डांस किया। भारतीय समुदाय के लोग खुशी से झूम उठे। हर कोई तालियां बजा रहा था, तो वहीं कई लोगों की आंखों में खुशी के आंसू थे।

डांस के दौरान दोनों मेयरों की बॉडी लैंग्वेज में एकदम देसी रंग था। कभी हाथ ऊपर उठाना, कभी कदमों से ठुमका लगाना और बीच-बीच में मुस्कुराते हुए सबको नमन करना। माहौल ऐसा बना कि वहां मौजूद हर कोई साथ में झूमने से खुद को रोक नहीं पाया।

NGO ने किया था आयोजन

बता दें कि ‘हम सब के नाम’ नाम के एनजीओ ने यह आयोजन किया था। कार्यक्रम में सैकड़ों भारतीय परिवार पहुंचे थे। वहां रंगोली बनाई गई, दीये जलाए गए। वहीं, बच्चों ने भारतीय पारंपरिक कपड़ों में डांस किया, लेकिन शाम की सबसे बड़ी सरप्राइज एंट्री दोनों मेयरों का बॉलीवुड डांस रही। बता दें कि यह सेलिब्रेसन करीब 10 दिन पहले ही आयोजित की गई थी। मेयर टीजे कॉली ने इस वीडियो को अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर पोस्ट किया, जिसके कैप्शन में उन्होंने लिखा, “बारिश के बावजूद यह शाम शानदार रही। कैरी और मॉरिसविले के दोस्तों के साथ नाचने में बहुत मजा आया।”

लोगों ने दिया प्यार

देखते ही देखते वीडियो तेजी से वायरल हो गया और हजारों लोगों ने इसे शेयर किया। वीडियो पर कमेंट्स की बाढ़ आ गई है। किसी ने लिखा, “ऐसे पल ही इंसानियत को जोड़ते हैं।” वहीं, एक यूजर ने कहा, “यह देखकर आंखों में खुशी के आंसू आ गए, थैंक यू फॉर स्प्रेडिंग लव।” कई भारतीय यूजर्स ने लिखा कि यह देखकर गर्व होता है कि हमारी संस्कृति अब सीमाओं के पार भी सम्मान पा रही है।

यह पहली बार नहीं जब विदेशों में दिवाली का ऐसा जश्न देखने को मिला हो, लेकिन इस बार अमेरिका में जो नजारा दिखा, उसने दिल छू लिया। जिस तरह से दो अमेरिकी मेयर भारतीय संगीत पर थिरकते नजर आए, वह अलग ही लेवल का था। भारत से हजारों मील दूर जहां पर मौसम ठंडा है, वहां भी दीयों की गर्माहट और बॉलीवुड की धुनों ने सबको एक साथ जोड़ दिया।

Sanjucta Pandit
लेखक के बारे में
Sanjucta Pandit

सीनियर कंटेंट राइटर · डिप्लोमा इन मास कम्युनिकेशन, बीए. 2022 से MP Breaking News में; पहले लाइव इंडिया, VIP News Channel और Khabar Bharat में कार्य.

मैं संयुक्ता पंडित वर्ष 2022 से MP Breaking में बतौर सीनियर कंटेंट राइटर काम कर रही हूँ। डिप्लोमा इन मास कम्युनिकेशन और बीए की पढ़ाई करने के बाद से ही मुझे पत्रकार बनना था। जिसके लिए मैं लगातार मध्य प्रदेश की ऑनलाइन वेब साइट्स लाइव इंडिया, VIP News Channel, Khabar Bharat में काम किया है। पत्रकारिता लोकतंत्र का अघोषित चौथा स्तंभ माना जाता है। जिसका मुख्य काम है लोगों की बात को सरकार तक पहुंचाना। इसलिए मैं पिछले 5 सालों से इस क्षेत्र में कार्य कर रही हुं। View all posts by Sanjucta Pandit →
Follow Us :GoogleNews