अब मार्केट में आया फ्राइड चिकन के स्वाद वाला टूथपेस्ट, KFC के इस अनोखे टूथपेस्ट की कीमत जानकर रह जाएंगे हैरान

केंटकी फ्राइड चिकन का नाम सुनते ही लोगों के ज़हन में आता है कुरकुरा, रसीला फ्राइड चिकन। चिकन के शौकीनों का कहना है कि ये चिकन ऐसा है कि एक बार खाओ तो उंगलियां चाटते रह जाओ। और अब यही 'फिंगर लिकिन' वाला जादू टूथपेस्ट में भी आ गया है। इस टूथपेस्ट का वादा है कि दांत साफ करते वक्त आपको वही क्रिस्पी, मसालेदार चिकन का स्वाद मिलेगा और साथ ही ये आपके मुंह को ताज़ा भी रखेगा। ऐसे में सुबह ब्रश करते वक्त अगर चिकन की खुशबू और स्वाद मिल जाए तो केएफसी चिकन के दीवानों के दिन की शुरुआत कितनी मज़ेदार होगी।
KFC fried chicken toothpaste

KFC Fried Chicken Flavoured Toothpaste : अभी तक आपने नीम, लौंग, नमक, तुलसी, चारकोल या हर्बल टूथपेस्ट देखा होगा। सेंसेटिव दांतों के लिए अलग टूथपेस्ट आता है और बच्चों के लिए अलग। लेकिन टूथपेस्ट की दुनिया में अब पेश है फ्राइड चिकन के टेस्ट वाला टूथपेस्ट जिसे लॉन्च किया है चिकन डिशेज़ के लिए दुनियाभर में मशहूर ब्रांड KFC ने।

अगर आप भी केएफसी के फ्राइड चिकन के दीवाने हैं तो ये आपके लिए अच्छी खबर हो सकती है। अब आप अपने दांतों को ब्रश करते वक्त भी केएफसी के मशहूर फ्राइड चिकन का मज़ा ले सकते हैं। ​केएफसी ने हाल ही में अपने सिग्नेचर 11 हर्ब्स और स्पाइसेस से प्रेरित फ्राइड चिकन स्वाद वाला टूथपेस्ट लॉन्च किया है, जो ओरल केयर की दुनिया में एक नया और अनोखा कदम है।

केएफसी के फ्राइड चिकन शौकीनों के लिए अच्छी खबर 

केएफसी (Kentucky Fried Chicken) का फ्राइड चिकन दुनियाभर में मशहूर है। और इसकी लोकप्रियता का राज़ उसके अनोखे स्वाद, टेक्सचर और “सीक्रेट रेसिपी” में छिपा है। KFC के फ्राइड चिकन की “सीक्रेट रेसिपी” को 1940 में कर्नल हारलैंड डेविड सैंडर्स ने तैयार किया था। इसमें 11 अलग-अलग हर्ब्स और मसालों का उपयोग होता है, जो आज भी एक क्लोज़ गार्डेड ट्रेड सीक्रेट है। और दुनियाभर में इस फ्राइड चिकन की कितनी मांग है इसका अंदाज़ा इसी बात से लगाया जा सकता है कि अब बाज़ार में इस फ़्लेवर का टूथपेस्ट भी आ गया है।

अब आया KFC का फ्राइड चिकन फ्लेवर वाला टूथपेस्ट

​केएफसी ने हाल ही में अपनी रेसिपी से प्रेरित होकर फ्राइड चिकन स्वाद वाला टूथपेस्ट लॉन्च किया है..जो ओरल केयर की दुनिया में एक नया और अनोखा कदम है। यह टूथपेस्ट ऑस्ट्रेलियाई टूथपेस्ट निर्माता Hismile के साथ साझेदारी में विकसित किया गया है और इसे हिस्माइल की वेबसाइट पर $13 (लगभग 1100 रुपए) में बेचा जा रहा है।

ये अनोखा टूथपेस्ट 1 अप्रैल को लॉन्च हुआ और इसे पहले तो लोग अप्रैल फूल का मज़ाक समझ बैठे। लेकिन जब हिस्माइल की वेबसाइट पर ये बिक्री के लिए आ गया तो तो चिकन के शौकीनों की भीड़ उमड़ पड़ी। खबरों के मुताबिक, यह लिमिटेड एडिशन प्रोडक्ट लॉन्च के 48 घंटों के भीतर ही sold out हो गया। हिस्माइल का कहना है कि यह टूथपेस्ट आपके मुंह में “क्रिस्पी, जूसी चिकन” का स्वाद छोड़ता है और साथ ही ताज़गी भी देता है।

लोगों की मजेदार प्रतिक्रिया

अब सोशल मीडिया पर इस टूथपेस्ट की चर्चा जोरों पर है। कोई इसे “सुबह की फ्राइड चिकन पार्टी” कह रहा है तो कोई मजाक में पूछ रहा है “क्या अब ब्रश करने के बाद ब्रेकफास्ट की ज़रूरत बचेगी”। कुछ यूज़र्स ने तो इसे “दंत चिकित्सा का अंत” तक करार दे दिया है। इस टूथपेस्ट की ख़ासियत है कि ये स्वाद में अनोखा होने के साथ फ्लोराइड-फ्री है। इसके साथ 59 डॉलर का केएफसी थीम वाला इलेक्ट्रिक टूथब्रश भी लॉन्च किया गया है, जो अभी भी वेबसाइट पर उपलब्ध है। हालांकि, ये प्रोडक्ट सिर्फ अमेरिका और ऑस्ट्रेलिया में लॉन्च हुआ है और हाल फ़िलहाल भारत में इसके आने की कोई योजना नहीं है।

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews