प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Modi) ने आज नीदरलैंड यात्रा के दौरान हेग में भारतीय समुदाय के लोगों से बात की उन्हें संबोधित किया, अपना संबोधन शुरू करते ही प्रधानमंत्री ने जैसे भी भारत माता की जय बोला, हॉल में मौजूद जनसमूह ने भी जय का उद्गोष किया ..ये सुनकर पीएम बोले -इतना प्यार और उत्साह… सच कहूं तो कुछ देर के लिए मैं भूल ही गया था कि मैं नीदरलैंड में हूँ। ऐसे लग रहा है कि जैसे भारत में ही कहीं कोई फेस्टिवल चल रहा है।
मोदी ने कहा आप नीदरलैंड के समाज और यहां की इकोनॉमी में जो योगदान से रहे हैं उस पर हर भारतवासी को गर्व है। मैं आज इस अवसर पर नीदरलैंड की जनता और सरकार का आभार व्यक्त करता हूँ। मैं यहां की जनता को 140 करोड़ भारतवासियों की तरफ से अपनी शुभकामनाएं देता हूँ। मानवता का इतिहास साक्षी है कि समय के साथ अनेक संस्कृतियां मिट गईं। लेकिन भारत का diverse culture, आज भी अपने लोगों के दिलों में धड़कता है। पीढ़ियां बदल गई, देश बदल गए, परिवेश बदल गए… लेकिन परिवार के संस्कार नहीं बदले हैं, अपनापन नहीं बदला। क्योंकि आपने अपने पुरखों की भाषा को छोड़ा नहीं।
PM Modi बोले- 12 वर्ष पहले आज ही के दिन16 मई 2014 को कुछ खास हुआ था
प्रधानमंत्री ने कहा आज 16 मई है, और ये दिन एक और वजह से बहुत विशेष है। आज से 12 वर्ष पहले 16 मई 2014 को कुछ खास हुआ था। 2014 में आज के ही दिन लोकसभा चुनाव के नतीजे आए थे। दशकों बाद भारत में स्थिर और पूर्ण बहुमत वाली सरकार का बनना पक्का हुआ था। एक वो दिन था और एक आज का दिन है। कोटि-कोटि भारतवासियों का विश्वास मुझे न रुकने देता है और न थकने देता है।
25 वर्षों में करोड़ों वोटर्स का लगातार समर्थन मेरे लिए बहुत बड़े सौभाग्य की बात
मोदी ने कहा- मैं बहुत छोटी आयु में ही देशभक्ति के रंग में रंग गया। आप ही मेरे परिवार बन गए। अहम् से वयम् का रास्ता चुन लिया। फिर आपका सुख ही मेरा सुख बन गया और आपका कल्याण ही मेरा कर्तव्य बन गया। 13 वर्ष मुख्यमंत्री के रूप में… 12 वर्ष प्रधानमंत्री का सेवाकाल… डेमोक्रेटिक वर्ल्ड में 25 वर्षों तक… करोड़ों-करोड़ वोटर्स का लगातार समर्थन… ये मेरे लिए बहुत ही बड़े सौभाग्य की बात है। मेरे लिए ये सिर्फ एक आंकड़ा नहीं है… ये आपका आशीर्वाद मेरी बहुत बड़ी पूंजी है।
आज भारत बड़ा सपना देख रहा है, युवा आसमान छूना चाहता है
आज हमारा भारत बहुत बड़ा सपना देख रहा है। आज देश कह रहा है- हमें सिर्फ ट्रांसफॉर्मेशन नहीं चाहिए, हमें बेस्ट चाहिए, हमें फास्टेस्ट चाहिए। इसलिए जब भारत में आकांक्षाएं असीमित हैं, तो प्रयास भी असीमित हो रहे हैं। आज भारत का युवा आसमान छूना चाहता है। आज का भारत एक अभूतपूर्व परिवर्तन के दौर से गुजर रहा है। आपने हाल में देखा होगा कि दुनिया की सबसे बड़ी और सफल AI समिट भारत ने आयोजित की। उससे पहले जी-20 की सफल समिट भी भारत ने आयोजित की थी।
आज का भारत इनोवेशन पॉवर है, दूसरा सबसे बड़ा मोबाइल मैन्यूफेक्चरर है
बीते वर्षों में भारत ने धरती से चंद्रमा की दूरी जितनी है, उससे भी 11 गुना अधिक ऑप्टिकल फाइबर बिछाया है। एक दशक पहले हम मोबाइल फोन इंपोर्ट करते थे, आज भारत दूसरा सबसे बड़ा मोबाइल मैन्यूफेक्चरर है। इसके अलावा आज के भारत की एक और पहचान है। आज का भारत इनोवेशन पॉवर है। आज हमारे डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर की चर्चा पूरी दुनिया में होती है। ये भारतीयों के इनोवेशन का बहुत बड़ा प्रमाण है।
यानि अब चिप भी, designed in India, made in India होगी
PM Modi ने कहा भारत चिप बनाने में, सेमीकंडक्टर सेक्टर में भी बड़े कदम उठा रहा है। अभी भारत में 12 सेमी कंडक्टर प्लांट पर काम चल रहा है। इनमें से दो प्लांट में प्रोडक्शन भी शुरू हो चुका है। यानि अब चिप भी, designed in India, made in India होगी।
चुनाव परिणामों से मजबूत होते भारत के लोकतंत्र का दिया उदाहरण
जब लोगों के सपने सच होते हैं तो लोकतंत्र पर उनका भरोसा भी मजबूत होता है। मैं आपको हाल के विधानसभा चुनावों का उदाहरण देता हूं। असल, बंगाल, केरलम, तमिलनाडु और पुडुचेरी में इस बार 80-90 प्रतिशत तक वोटिंग हुई। और इसमें भी वीमेन पार्टिसीपेशन बहुत ज्यादा बढ़ी है और ये हर राज्य का ट्रेंड है। आज भारत में वोटर उत्साहित हैं। हमें गर्व होता है कि हर साल वोटिंग के रिकॉर्ड्स टूट रहे हैं। भारत की आकांक्षा से प्रेरित यात्रा हमारे लोकतंत्र को सशक्त कर रही है। भारत अपने हर नागरिक के लोकतांत्रिक योगदान का सम्मान करता है mother of democracy के रूप में, ये हम सभी के लिए बहुत गर्व की बात है।
21वीं सदी का भारत अवसरों की भूमि है
आज मानवता के सामने अनेक बड़ी चुनौतियां भी हैं। पहले कोरोना आया, फिर युद्ध होने शुरू हो गए और अब energy crisis है। ये दशक दुनिया के लिए आपदाओं का दशक बन रहा है। अगर ये स्थितियां तेजी से नहीं बदली गई, तो बीते अनेक दशकों की उपलब्धियों पर पानी फिर जाएगा। 21वीं सदी का भारत अवसरों की भूमि है। भारत technology driven भी है और humanity driven भी है। भारत जितना ancient है, उतना modern बन रहा है।






