Hindi News

ओंकारेश्वर में शनिश्चरी अमावस्या पर उमड़ेगी भीड़, इंदौर-खंडवा रूट पर भारी वाहनों की एंट्री बंद

Written by:Bhawna Choubey
Published:
शनिश्चरी अमावस्या और वीकेंड पर ओंकारेश्वर में लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। बढ़ती भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने इंदौर-खंडवा मार्ग पर भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगा दी है।
ओंकारेश्वर में शनिश्चरी अमावस्या पर उमड़ेगी भीड़, इंदौर-खंडवा रूट पर भारी वाहनों की एंट्री बंद

शनिश्चरी अमावस्या और लगातार छुट्टियों को देखते हुए ओंकारेश्वर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ पहुंचने की संभावना है। इसी को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया है।

दरअसल, इंदौर-खंडवा मार्ग पर अगले तीन दिनों तक भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई है। प्रशासन का कहना है कि इससे श्रद्धालुओं को यात्रा के दौरान परेशानी नहीं होगी और ट्रैफिक व्यवस्था बेहतर बनी रहेगी।

18 मई तक लागू रहेगा ट्रैफिक प्लान

इंदौर कलेक्टर शिवम वर्मा द्वारा जारी आदेश के अनुसार तेजाजी नगर चौराहे से खंडवा जाने वाले और खंडवा से इंदौर आने वाले रूट पर भारी मालवाहक वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी।

यह आदेश 15 मई रात 12 बजे से लागू हो चुका है और 18 मई सुबह 8 बजे तक प्रभावी रहेगा। प्रशासन ने ट्रांसपोर्ट कंपनियों और वाहन चालकों से वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की अपील की है।

ओंकारेश्वर में बढ़ सकती है श्रद्धालुओं की संख्या

शनिश्चरी अमावस्या के कारण ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच सकते हैं। इसके अलावा रविवार और छुट्टियों के चलते भीड़ और ज्यादा बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।

दरअसल, हर साल इस मौके पर मध्यप्रदेश सहित कई राज्यों से लोग भगवान शिव के दर्शन के लिए ओंकारेश्वर पहुंचते हैं। इसी वजह से प्रशासन पहले से अलर्ट मोड पर है।

ट्रैफिक और सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान

प्रशासन ने मंदिर क्षेत्र और मुख्य मार्गों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया है। जगह-जगह ट्रैफिक पुलिस भी मौजूद रहेगी ताकि जाम की स्थिति न बने। दरअसल, भीड़ बढ़ने पर कई बार इंदौर-खंडवा मार्ग पर लंबा जाम लग जाता है। इस बार श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पहले से तैयारी की गई है।

यात्रियों के लिए प्रशासन की अपील

प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि यात्रा के दौरान ट्रैफिक नियमों का पालन करें और भीड़भाड़ वाले इलाकों में सावधानी बरतें। इसके साथ ही भारी वाहन चालकों को सलाह दी गई है कि वे निर्धारित समय तक इस मार्ग का उपयोग न करें। प्रशासन लगातार पूरे हालात पर नजर बनाए हुए है।

Bhawna Choubey
लेखक के बारे में
मुझे लगता है कि कलम में बहुत ताकत होती है और खबरें हमेशा सच सामने लाती हैं। इसी सच्चाई को सीखने और समझने के लिए मैं रोज़ाना पत्रकारिता के नए पहलुओं को सीखती हूँ। View all posts by Bhawna Choubey
Follow Us :GoogleNews