ऑस्ट्रेलिया दौरे से पहले PM मोदी को मिली जान से मारने की धमकी, जांच में जुटी सुरक्षा एजेंसियां

PM मोदी के ऑस्ट्रेलिया दौरे से पहले सोशल मीडिया पर कथित धमकी मिलने के बाद ऑस्ट्रेलियाई सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हो गई हैं। दरअसल रिपोर्ट्स के मुताबिक मेलबर्न में होने वाले कार्यक्रम से जुड़े एक फेसबुक पोस्ट पर आपत्तिजनक टिप्पणी की गई है, जिसके बाद ऑस्ट्रेलियाई संघीय पुलिस और अन्य एजेंसियों ने जांच शुरू कर दी है।
ऑस्ट्रेलिया दौरे से पहले PM मोदी को मिली जान से मारने की धमकी, जांच में जुटी सुरक्षा एजेंसियां

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित ऑस्ट्रेलिया दौरे से पहले सोशल मीडिया पर सामने आई एक कथित धमकी ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है। दरअसल रिपोर्ट्स के अनुसार मेलबर्न में आयोजित होने वाले एक सार्वजनिक कार्यक्रम से जुड़े फेसबुक पोस्ट के कमेंट सेक्शन में प्रधानमंत्री को लेकर धमकी भरी टिप्पणी की गई। मामला सामने आने के बाद ऑस्ट्रेलिया की सुरक्षा एजेंसियों ने जांच शुरू कर दी है। वहीं इस पूरे घटनाक्रम को गंभीरता से लिया जा रहा है।

जानकारी दे दें कि प्रधानमंत्री मोदी 8 से 10 जुलाई के बीच ऑस्ट्रेलिया दौरे पर रहेंगे। इसी दौरान 9 जुलाई को मेलबर्न के मार्वल स्टेडियम में एक बड़ा कार्यक्रम आयोजित होना है। कार्यक्रम से पहले सोशल मीडिया पर आई कथित धमकी के बाद सुरक्षा व्यवस्था की अतिरिक्त समीक्षा की जा रही है। हालांकि ऑस्ट्रेलियाई अधिकारियों ने अभी तक किसी व्यक्ति की गिरफ्तारी या जांच के अंतिम निष्कर्ष की पुष्टि नहीं की है।

जानिए क्यों मचा हड़कंप?

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक विवादित टिप्पणी ‘Melbourne Meets Modi’ नाम से कार्यक्रम के फेसबुक पोस्ट पर की गई थी। कथित तौर पर एक यूजर ने कमेंट में प्रधानमंत्री मोदी को लेकर धमकी भरे शब्द लिखे। पोस्ट के नीचे अबू मुस्तफा नाम के फेसबुक अकाउंट से लिखा गया, “स्टेडियम की छत कार्यक्रम के दौरान बंद रहनी चाहिए, नहीं तो वह ऑस्ट्रेलिया अपनी मौत के लिए आएगा।” जांच एजेंसियों ने उस पोस्ट से जुड़े आईपी एड्रेस की पहचान कर ली है। इसके बाद यह मामला तेजी से सुरक्षा एजेंसियों के संज्ञान में आया और जांच शुरू कर दी गई।

गिरफ्तारी को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई

इसके साथ ही रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि जांच एजेंसियों ने संबंधित सोशल मीडिया अकाउंट से जुड़े तकनीकी विवरण, जिसमें आईपी एड्रेस भी शामिल है, की जांच शुरू कर दी है। हालांकि जांच अभी जारी है और इस मामले में किसी व्यक्ति की पहचान या गिरफ्तारी को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की गई है। ऑस्ट्रेलियन फेडरल पुलिस (AFP) ने भी जांच का हवाला देते हुए सार्वजनिक रूप से अधिक जानकारी देने से इनकार किया है। दरअसल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का यह दौरा भारत और ऑस्ट्रेलिया के रणनीतिक संबंधों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। दौरे के दौरान उनकी ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज के साथ द्विपक्षीय बैठक प्रस्तावित है। दोनों देशों के बीच व्यापार, रक्षा सहयोग, ऊर्जा, निवेश और इंडो-पैसिफिक क्षेत्र से जुड़े कई अहम मुद्दों पर चर्चा होने की उम्मीद है।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
Rishabh Namdev

4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev →
Follow Us :GoogleNews