जबलपुर ऑर्डिनेंस फैक्ट्री में हुआ धमाका, एक कर्मचारी घायल, कर्मचारियों ने जांच की मांग

घटना को लेकर कर्मचारी नेता का कहना है, इसकी कमेटी बनाकर जांच होना चाहिए, और रिपोर्ट भी बताना चाहिए कि आखिर घटना क्यों हुई।
Jabalpur Ordinance Factory

Jabalpur News : मध्य प्रदेश की संस्कारधानी जबलपुर से एक बड़ी खबर आ रही है जहाँ जबलपुर ऑर्डिनेंस फैक्ट्री (जीआईएफ) में आज सुबह हुए हादसे में एक कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद घायल कर्मचारी को आनन-फानन में व्हीकल फैक्ट्री अस्पताल लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे निजी अस्पताल रेफर कर दिया गया। घायल कर्मचारी का नाम अशोक मीना है, जो कि एमएमएस सेक्सन में पदस्थ है।

इस हादसे के बाद से फैक्ट्री ने चुप्पी साध ली है। इधर फैक्ट्री में हुई घटना के बाद से कर्मचारियों ने जांच की मांग की है। जानकारी लगते ही साथी कर्मचारी परिजनों के साथ अस्पताल पहुंचे है। घायल कर्मचारी अशोक मीना जो कि जबलपुर आयुध निर्माणी के एमएमएस सेक्सन में कार्यरत है। सुबह जब वो कार्य कर रहे थे, इस दौरान सीनियर अधिकारियों ने उन्हें ड्रम काटने को दिया। अमूमन यह ड्रम ऑयल का होता है, जिससे की कचरा पेटी बनाई जाती है। अशोक मीना को ऑयल ड्रम की जगह थिनर का ड्रम दे दिया गया, जो कि ज्वलनशील होता है। जैसे ही अशोक ने वेल्डिंग मशीन से ड्रम काटने की कोशिश की, वैसे ही जोरदार धमाका हुआ, जिससे कि उसका पैर बुरी तरह से जख्मी हो गया।

कर्मचारियों ने जांच की मांग

कर्मचारी ने बताया कि घटना के बाद आंखों के सामने अंधेरा छा गया। कुछ समझ ही नहीं आया कि क्या होगा, उसके बाद देखा कि एक पैर बुरी तरह से जख्मी हो गया है। घटना को लेकर कर्मचारी नेता का कहना है, इसकी कमेटी बनाकर जांच होना चाहिए, और रिपोर्ट भी बताना चाहिए कि आखिर घटना क्यों हुई।

घायल कर्मचारी को इलाज के लिए पहुंचाया अस्पताल

कर्मचारी नेता राकेश कुमार दुबे ने बताया कि एक तेज आवाज के साथ धमाका हुई, जिसके बाद सभी कर्मचारी अपने-अपने सेक्सन से बाहर निकले और घटनास्थल के लिए दौड़ लगाए और फिर घायल कर्मचारी को इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे।
जबलपुर से संदीप कुमार की रिपोर्ट

लेखक के बारे में
Follow Us :GoogleNews