कांग्रेस ने कृषि विश्वविद्यालय में बनाये स्ट्रांग रूम की निर्वाचन आयोग में की शिकायत, मुख्य चुनाव आयुक्त ने दिया ये जवाब

mp election 2023

MP Election 2023 : जबलपुर कांग्रेस ने चुनाव के लिए बनाए गए स्ट्रांग रूम की जगह पर आपत्ति जताई है। कांग्रेस का कहना है कि जबलपुर के जिस जवाहरलाल नेहरु कृषि विश्वविद्यालय में इस बार ईवीएम रखने के लिए स्ट्रॉन्ग रुम बनाया है वहां के कुलपति डॉक्टर पीके मिश्रा, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा के ससुर है। कुलपति के प्रदेश भाजपा अध्यक्ष के रिश्तेदार होने से कांग्रेस ने विश्वविद्यालय के स्ट्रांग रुम में ईवीएम सुरक्षा की निष्पक्षता पर सवाल उठाए हैं।

जवाहरलाल नेहरु कृषि विश्वविद्यालय में बनाये स्ट्रांग रूम पर कांग्रेस को आपत्ति 

कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता आलोक शर्मा ने अपनी शिकायत निर्वाचन आयोग से की है जिसमें जवाहरलाल नेहरु कृषि विश्वविद्यालय के निर्माणाधीन परिसर में स्ट्रांग रूम होने से भी ईवीएम की सुरक्षा पर संदेह जताया है, कांग्रेस ने बीते चुनावों की तरह इस बार भी एमएलबी स्कूल में ही स्ट्रांग रूम बनाने की मांग की है और इस बार स्ट्रांग रुम की जगह बदलने की वजह पूछी है।

कांग्रेस की शिकायत पर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने दिया ये जवाब 

कांग्रेस की इस शिकायत पर मध्य प्रदेश के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी अनुपम राजन का कहना है कि जवाहरलाल नेहरु कृषि विश्वविद्यालय एक शासकीय संस्था है जिसके एक भवन को प्रशासन ने स्ट्रांग रूम बनाने के लिए पहले ही अधिगृहित कर लिया था, अनुपम राजन का कहना है कि किसी संस्था में किसी व्यक्ति विशेष के पदस्थ होने से स्ट्रांग रूम की सुरक्षा को कोई खतरा नहीं है क्योंकि स्ट्रांग रूम और ईवीएम की सुरक्षा के लिए सीआरपीएफ तैनात रखी जाएगी,  हालांकि अनुपम राजन ने कांग्रेस की आपत्ति का विधिवत निराकरण करने की बात की है।

जबलपुर से संदीप कुमार की रिपोर्ट

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews