जबलपुर: मदन महल स्टेशन पर मालगाड़ी की चपेट में आए 6 लोग, 1 महिला की मौत, 3 बच्चों समेत 5 गंभीर घायल

जबलपुर के मदन महल रेलवे स्टेशन पर शनिवार रात एक दर्दनाक हादसा हुआ। जनशताब्दी एक्सप्रेस से उतरकर प्लेटफॉर्म पर चल रहे एक ही परिवार के छह लोगों को मालगाड़ी ने टक्कर मार दी। इस घटना में एक महिला की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
जबलपुर: मदन महल स्टेशन पर मालगाड़ी की चपेट में आए 6 लोग, 1 महिला की मौत, 3 बच्चों समेत 5 गंभीर घायल

जबलपुर: शहर के मदन महल रेलवे स्टेशन पर शनिवार देर रात एक भीषण हादसा हो गया। प्लेटफॉर्म नंबर एक पर तेज रफ्तार मालगाड़ी की चपेट में आने से एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो महिलाओं और तीन बच्चों समेत पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद स्टेशन पर अफरा-तफरी मच गई। सभी घायलों को तत्काल मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।

कैसे हुआ यह दर्दनाक हादसा?

जानकारी के मुताबिक, यह परिवार नरसिंहपुर का रहने वाला है और भोपाल से जबलपुर आ रही जनशताब्दी एक्सप्रेस से यात्रा कर रहा था। ट्रेन के मदन महल स्टेशन पर पहुंचने के बाद परिवार के सभी छह सदस्य प्लेटफॉर्म नंबर एक पर उतरे। बताया जा रहा है कि उतरने के बाद वे प्लेटफॉर्म पर ही गलत दिशा में चल रहे थे, इसी दौरान दूसरी ओर से आ रही मालगाड़ी ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।

हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर तैनात आरपीएफ और मदनमहल थाना पुलिस फौरन हरकत में आई। आला अधिकारियों में सीएसपी रितेश कुमार शिव और आरपीएफ पोस्ट प्रभारी सुजीत कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचे और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया।

मृतक और घायलों की हुई पहचान

पुलिस के अनुसार, इस हादसे में 30 वर्षीय पुष्पा सोंधिया की जान चली गई। वहीं, घायलों में नरसिंहपुर जिले के ग्राम मुड़िया की रहने वाली 22 वर्षीय शिवानी पटेल, 40 वर्षीय नन्ही बाई के साथ 4 वर्षीय रीति पटेल और 2 वर्षीय इंद्रजीत पटेल शामिल हैं। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह परिवार नरसिंहपुर से जबलपुर किस उद्देश्य से आया था।

Banshika Sharma
लेखक के बारे में
Banshika Sharma

कंटेंट राइटर

मेरा नाम बंशिका शर्मा है। मैं एमपी ब्रेकिंग न्यूज़ में कंटेंट राइटर के तौर पर काम करती हूँ। मुझे समाज, राजनीति और आम लोगों से जुड़ी कहानियाँ लिखना पसंद है। कोशिश रहती है कि मेरी लिखी खबरें सरल भाषा में हों, ताकि हर पाठक उन्हें आसानी से समझ सके। View all posts by Banshika Sharma →
Follow Us :GoogleNews