
Jabalpur News : पश्चिम बंगाल के संदेशखाली में महिलाओं के साथ हुई घटना के विरोध में अब छात्र संगठन सड़कों पर उतर आया है। जबलपुर में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने घटना के विरोध में रैली निकालकर घंटाघर चौक पर प्रदर्शन किया, इस दौरान कार्यकर्ताओं ने ममता सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। ममता सरकार और टीएमसी के खिलाफ प्रदर्शन कर विरोध जता रहे संदेशखाली घटना की जांच सीबीआई से कराने और दोषियों को सख्त सजा देने की मांग को लेकर एबीवीपी के कार्यकर्ताओं ने कलेक्टर को राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा।
क्या है पूरा मामला
संस्कारधानी जबलपुर में मंगलवार को ABVP के कार्यकर्ता अपने हाथों में पोस्टर-बैनर लेकर सड़कों पर उतरे और ममता सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने कहा कि संदेशखाली में निरंकुशता अपने चरम है, जो कि मानवता को शर्मसार कर रही है। साथ ही आरोप लगाए कि संदेशखाली में जो घटना हो रही है, वह मुख्यमंत्री के गुंडों के द्वारा की जा रही है। खुलेआम वहां पर महिलाओं के साथ दुष्कर्म किया जा रहा है। एबीवीपी ने ममता बनर्जी के पोस्टर लेकर प्रदर्शन किया है।
विरोध जता रहे एबीवीपी कार्यकर्ताओं का कहना था कि ममता बैनर्जी महिला जरूर है लेकिन उनका महिलाओं के प्रति जरा भी ममता नहीं है, जिसका फायदा आरोपी शाहजहां शेख समेत टीएमसी के लोग उठा रहे है। ममता सरकार और टीएमसी के डर की वजह से संदेशखाली में महिलाएं बोलने से डर रही है, इसलिए पश्चिम बंगाल में महिलाओं को सुरक्षा मुहैया कराने के साथ वहां राष्ट्रपति शासन लागू करना चाहिए।
जबलपुर से संदीप कुमार की रिपोर्ट
