Jabalpur News : रिकवरी कर वापस लौट रहा था एजेंट, अज्ञात बाइक सवार बदमाशों ने 1 लाख 97 हजार रुपए लूटे

अंधमूक बाईपास के पास की ये घटना है। बाइक सवार लुटेरों की तलाश की जा रही है। आसपास कुछ कैमरे लगे हुए है, उनमें लुटेरों को देखा जा रहा है। विवेक काछी से भी पूछताछ की जा रही है।
Loot Police Crime

Jabalpur News : मध्य प्रदेश की संस्कारधानी जबलपुर से एक बड़ी खबर आ रही है जहाँ बुधवार की रात युवक जो कि एक फाइनेंस कंपनी में रिकवरी एजेंट का काम करता है, उससे तीन अज्ञात बदमाश रुपए से भरा बैग लेकर फरार हो गए। घटना उस समय की है जब एजेंट रुपए कलेक्शन करने के बाद जबलपुर शहर आ रहा था, उस दौरान अंधमूक बाईपास के पास एक बाइक में तीन लोग सवार होकर आए और एजेंट से करीब 1 लाख 97 हजार रुपए लूटकर फरार हो गए। घटना के बाद बाइक सवार आरोपी भोपाल रोड़ तरफ फरार हो गए। घटना की जानकारी एजेंट ने तुरंत ही अपने अधिकारी और संजीवनी नगर थाना पुलिस को दी। रात को ही एएसपी समर वर्मा सहित पुलिस स्टाफ मौके पर पहुंचा और नाकाबंदी कर लुटेरों की तलाश शुरू कर दी। हालांकि अभी तक सुराग पुलिस के हाथ नहीं लगा है।

बता दें कि जबलपुर के ग्राम बिदुरहा थाना मझगवां निवासी विवेक काछी भारत फाइनेंस कंपनी में रिकवरी एजेंट का काम करता है। जब वह भेड़ाघाट तरफ से रुपए लेकर जबलपुर आ रहा था, उसी दौरान अंधमूक बाईपास के पास स्थित पेट्रोल पंप के पास एक बाइक में तीन लड़के आए जो कि अपना चेहरा ढके हुए थे, उन्होंने विवेक को रोका और रुपए से भरा बैग उससे छीना, इस दौरान वह बाइक सहित नीचे गिर गया। विवेक जब तक संभल पाता तब तक आरोपी मौके से फरार हो चुके थे। हालांकि विवेक ने दौड़कर उन्हें पकड़ने की कोशिश की पर तब तक बहुत देर हो चुकी थी। घटना की जानकारी मिलते ही धनवंतरी नगर चौकी का स्टाफ मौके पर पहुंचा और फिर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी गई।

बाइक सवार लुटेरों की तलाश में जुटी पुलिस

सीएसपी एचआर पांडे का कहना है कि अंधमूक बाईपास के पास की ये घटना है। बाइक सवार लुटेरों की तलाश की जा रही है। आसपास कुछ कैमरे लगे हुए है, उनमें लुटेरों को देखा जा रहा है। विवेक काछी से भी पूछताछ की जा रही है। संभवत रेकी करने के बाद ही लूट की वारदात को अंजाम दिया गया है। जल्द ही तीनों लुटेरे पुलिस गिरफ्त में होगें।

जबलपुर से संदीप कुमार की रिपोर्ट

लेखक के बारे में
Follow Us :GoogleNews