Jabalpur News : लोकायुक्‍त ने नगर निगम के टाइम कीपर को रिश्‍वत लेते पकड़ा, नल कनेक्शन के लिए मांगे 4500 रूपए

लोकायुक्त पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया।
Lokayukta Police Action

Jabalpur News : मध्य प्रदेश की डॉ मोहन यादव सरकार के भ्रष्टाचार पर जीरो टोलरेंस के निर्देश के बाद से जबलपुर लोकायुक्त पुलिस की टीम बहुत एक्टिव है, लगातार रिश्वतखोर शासकीय सेवकों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है, वहीं आज जबलपुर लोकायुक्त पुलिस ने नगर निगम में पदस्थ टाइम कीपर को 4500 रूपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा है।

क्या है पूरा मामला

बता दें कि जबलपुर लोकायुक्त पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, शिकायतकर्ता अमर देव ने नगर निगम गढ़ा जोन जबलपुर में आईसीएमआर रोड मेडिकल जबलपुर स्थित किराए की दुकान ली है। इस दुकान में नल कनेक्शन के लिए अमर देव ने एक माह पहले आवेदन दिया था। आवेदन देने के बाद से ही वह लगातार गढ़ा जोन जल विभाग के चक्कर काट रहा था। इसके बाद भी उसे जब नल कनेक्शन नहीं मिला तो उसने नगर निगम गड़ा जोन में कार्यरत टाइम कीपर सत्येंद्र मिश्रा उर्फ बबलू से संपर्क किया। सत्येन्द्र के द्वारा कहा गया कि अभी नहीं हो पाएगा, इसमें बहुत समय लगेगा। लगातार निगम ऑफिस के चक्कर काटने के बाद टाइम कीपर ने रिश्वत की मांग की।

Satyendra Mishra

शिकायतकर्ता जब निगम कर्मचारी से इतना परेशान हो गया तो उसने बुधवार को जबलपुर लोकायुक्त एसपी से रिश्वत मांगने की शिकायत की। शिकायत का एसपी संजय साहू ने परीक्षण करवाने के बाद गुरुवार की शाम को जबलपुर लोकायुक्त की टीम ने टाइम कीपर सत्येन्द्र मिश्रा को उसके ही ऑफिस के पास 4500 रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा है। लोकायुक्त पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया।

जबलपुर से संदीप कुमार की रिपोर्ट

लेखक के बारे में
Follow Us :GoogleNews