अब ऑनलाइन भी की जा सकेगी राज्य सूचना आयोग में शिकायत

अब ऑनलाइन भी की जा सकेगी राज्य सूचना आयोग में शिकायत

Jabalpur News : जबलपुर हाईकोर्ट के दखल के बाद अब मध्यप्रदेश का राज्य सूचना आयोग ऑनलाईन हो गया है। मतलब सूचना के अधिकार से जुड़ी शिकायतें और अपील अब ऑनलाईन भी पेश की जा सकेंगी। इससे पहले अपील की सुविधा सिर्फ ऑफलाईन होने के खिलाफ हाईकोर्ट में जनहित याचिका दायर की गई थी जिस पर हाईकोर्ट ने सूचना आयोग और राज्य सरकार को नोटिस जारी कर जवाब मांगा था।

राज्य सरकार को दिया 2 हफ्तों का वक्त

आज मामले पर सुनवाई के दौरान राज्य सूचना आयोग की ओर से कहा गया कि आयोग का ऑनलाईन सॉफ्टवेयर बनकर तैयार हो गया है और अब आरटीआई से जुड़ी अपीलें और शिकायतें आयोग की साईट पर ऑनलाईन भी फाईल की जा सकती हैं। हाईकोर्ट ने राज्य सूचना आयोग के इस जवाब को रिकॉर्ड पर ले लिया है और राज्य सरकार को भी जवाब देने के लिए 2 हफ्तों का वक्त दिया है।

बता दें कि केन्द्र सरकार सहित कई राज्यों की सरकारों में आरटीआई अपील ऑनलाईन देने की सुविधा थी लेकिन मध्यप्रदेश में ऐसा नहीं था जिसके खिलाफ लॉ स्टूडेंट्स एसोसिएशन ने जनहित याचिका दायर की थी।
जबलपुर से संदीप कुमार की रिपोर्ट

लेखक के बारे में
Follow Us :GoogleNews