जबलपुर में अवैध शराब पर पुलिस का शिकंजा, 60 लीटर कच्ची शराब के साथ 2 युवक गिरफ्तार

जबलपुर पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए चरगवां थाना इलाके से 2 युवकों के पास से 60 लीटर अवैध शराब जब्त की। दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।
Jabalpur Police

सागर में जहरीली शराब से हुई मौत के मामले सामने आने के बाद अब पूरे प्रदेश में अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई तेजी से की जा रही है। हर जिले में पुलिस शराब के अवैध ठिकानों पर दबिश देकर माल जब्त करने और संबंधितों के खिलाफ कार्रवाई करने का काम कर रही है। इसी कड़ी में जबलपुर पुलिस ने 60 लीटर कच्ची शराब के साथ दो युवकों को पकड़ा।

जबलपुर जिले की चरगवां थाना पुलिस ने एसपी संपत उपाध्याय के निर्देश पर जंगल से दो युवकों को 60 लीटर कच्ची शराब के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस ने युवकों के पास से परिवहन में इस्तेमाल की जा रही बाइक भी बरामद की है।

शराब बेचने जा रहे थे युवक

इस मामले में चरगवां थाना पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक देर रात मुखबिर के जरिए यह सूचना मिली थी कि इलाके में दो युवक शराब बेचने के लिए आ रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने सीएम राइज स्कूल के पास घेराबंदी की। यह दोनों युवक बाइक की दोनों तरफ कैन लटका कर बीच में सफेद बोरी रखकर बेचने के लिए जा रहे थे। पुलिस को देखकर यह घबरा गए और मौके से भागने का प्रयास करने लगे। हालांकि, घेराबंदी कर इन्हें दबोच लिया गया।

चार कैन में मिली शराब

दोनों युवकों को पकड़ने के बाद जब तलाशी ली गई तो उनके पास 15-15 लीटर की चार कैन मिली। इसमें कुल 60 लीटर कच्ची शराब थी। पुलिस ने युवकों से एक हीरो स्प्लेंडर बाइक भी जब्त की है। दोनों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34 (2) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

इन्हें किया गिरफ्तार

इस मामले में पुलिस ने 30 वर्षीय विजय ठाकुर और 23 वर्षीय सुनील ठाकुर को गिरफ्तार किया है। दोनों ग्राम रमपुरी के रहने वाले हैं। इनके खिलाफ केस दर्ज कर अब पुलिस पूछताछ कर रही है। ये पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि शराब कहां बनाई गई और कहां सप्लाई के लिए ले जाई जा रही थी।

Kamlesh Sarda
लेखक के बारे में
Kamlesh Sarda

30 वर्षों से रिपोर्टिंग; दैनिक भास्कर, बंसल न्यूज, पत्रिका और द सूत्र के साथ कार्य.

I'm reporter last 30 years I'm working with danik bhaskar, bansal news, patrika, the sootra, mp breaking news also View all posts by Kamlesh Sarda →
Follow Us :GoogleNews