CJP के खिलाफ ‘लाल हिट जनता पार्टी’ का प्रदर्शन, कहा – ‘मांग सही लेकिन आंदोलन में धार्मिक प्रतीकों और संतों पर टिप्पणियां गलत’

जबलपुर के मालवीय चौक पर 'लाल हिट जनता पार्टी' के नाम से सामने आए एक समूह ने कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के खिलाफ प्रदर्शन किया। दरअसल प्रदर्शनकारियों ने कहा है कि आंदोलन के दौरान धार्मिक प्रतीकों और संतों को लेकर की जा रही कथित टिप्पणियों का वे विरोध करते हैं।
CJP के खिलाफ 'लाल हिट जनता पार्टी' का प्रदर्शन, कहा - 'मांग सही लेकिन आंदोलन में धार्मिक प्रतीकों और संतों पर टिप्पणियां गलत'

जबलपुर में शुक्रवार को एक अलग तरह का विरोध प्रदर्शन देखने को मिला। दरअसल मालवीय चौक पर खुद को ‘लाल हिट जनता पार्टी’ बताने वाले एक समूह ने कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने अपने सीने पर पोस्टर लगाकर विरोध जताया और कहा कि वे छात्रों के भविष्य, परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और पेपर लीक जैसे मुद्दों का समर्थन करते हैं, लेकिन आंदोलन के तौर-तरीकों से सहमत नहीं हैं। प्रदर्शन के दौरान पुलिस भी मौके पर मौजूद रही और पूरे घटनाक्रम पर नजर रखी गई।

‘मांगों का समर्थन, लेकिन धार्मिक मुद्दों को जोड़ना गलत’

दरअसल प्रदर्शन के दौरान लाल हिट जनता पार्टी के सदस्यों ने कहा कि लोकतंत्र में हर संगठन को अपनी बात रखने और शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने का अधिकार है। हालांकि उनका आरोप था कि CJP के आंदोलन के दौरान धार्मिक प्रतीकों, राम मंदिर और साधु-संतों को लेकर कथित विवादित बयान दिए जा रहे हैं, जिससे धार्मिक भावनाएं आहत हो रही हैं। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि छात्र हितों के मुद्दों को धार्मिक विवादों से जोड़ना उचित नहीं है और इसी कारण उन्होंने विरोध दर्ज कराया।

लाल हिट जनता पार्टी ने बताई प्रदर्शन की वजह

वहीं लाल हिट जनता पार्टी से जुड़े अभय श्रीवास्तव ने कहा कि उन्हें जानकारी मिली थी कि कॉकरोच जनता पार्टी मालवीय चौक पर प्रदर्शन करने वाली है। इसके विरोध में उनके संगठन ने भी वहीं अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। उन्होंने कहा कि छात्रों के हित, परीक्षा प्रणाली में सुधार और पेपर लीक जैसे मुद्दों पर आवाज उठाना पूरी तरह उचित है, लेकिन यदि आंदोलन के दौरान धार्मिक आस्थाओं को लेकर कथित आपत्तिजनक टिप्पणियां की जाती हैं, तो उसका विरोध किया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान अभय श्रीवास्तव की कुछ तीखी टिप्पणियां भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं।

जबलपुर में बढ़ी राजनीतिक सरगर्मी

दरअसल देशभर में NEET पेपर लीक और परीक्षा प्रणाली को लेकर जारी छात्र आंदोलन के बीच जबलपुर में यह विरोध प्रदर्शन राजनीतिक रूप से चर्चा का विषय बन गया है। एक ओर CJP छात्रों के मुद्दों और परीक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर आंदोलन कर रही है, वहीं लाल हिट जनता पार्टी ने आंदोलन की शैली और कथित बयानों पर सवाल उठाए हैं। इससे स्थानीय स्तर पर राजनीतिक गतिविधियां भी तेज हो गई हैं।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
Rishabh Namdev

4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev →
Follow Us :GoogleNews