Jabalpur में गोवंश की हत्या का विरोध, हिंदू संगठन ने किया बंद का ऐलान

जबलपुर के कटंगी क्षेत्र में गोवंश की हत्या के विरोध में हिंदू संगठनों ने बंद का ऐलान किया, जिसे व्यापक स्थानीय समर्थन भी मिल रहा है। इस विरोध में आज कटंगी में सभी प्रतिष्ठान बंद रखे गए हैं।
Jabalpur में गोवंश की हत्या का विरोध, हिंदू संगठन ने किया बंद का ऐलान

Jabalpur News : मध्य प्रदेश में हाल ही में गोवंश की हत्या और उनके शव मिलने की घटनाओं ने स्थानीय लोगों के साथ-साथ हिंदू संगठनों में गहरा आक्रोश उत्पन्न कर दिया है। मंडला, सिवनी और जबलपुर में गोवंश के अवशेष मिलने के बाद आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग तेज हो गई है। इसी कड़ी में जबलपुर के कटंगी क्षेत्र में गोवंश की हत्या के विरोध में हिंदू संगठनों ने बंद का ऐलान किया, जिसे व्यापक स्थानीय समर्थन भी मिल रहा है। इस विरोध में आज कटंगी में सभी प्रतिष्ठान बंद रखे गए हैं।

पुलिस बल की रही तैनाती

हिंदू संगठनों के साथ-साथ बजरंग दल के सैकड़ों कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने गोवंश की हत्या के विरोध में सड़कों पर उतरकर कार्रवाई की मांग की है। इस विरोध प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति को रोका जा सके। प्रदर्शनकारियों ने सभी दुकानदारों, स्कूलों और प्रतिष्ठानों से हाथ जोड़कर बंद का आह्वान किया है। स्थानीय लोगों और संगठनों का कहना है कि जब तक आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं की जाती, तब तक वे अपना आंदोलन जारी रखेंगे। वहीं, स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने भी कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की है और शांति बनाए रखने की अपील की है। लोगों की मांग है कि गोवंश की हत्या में शामिल लोगों को कठोर सजा दी जाए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा ना हो सके।

लोगों में आक्रोश

बता दें कि 21 जून को कटंगी थाने से कुछ ही कदमों की दूरी पर मोहला गांव के पास एक बछड़े का सिर और उसके अवशेष मिलने की घटना ने स्थानीय लोगों में गहरा आक्रोश उत्पन्न किया। बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने इस घटना की जानकारी पुलिस को दी। इसके बाद एएसपी सूर्यकांत शर्मा भी मौके पर पहुंचे और पुलिस ने जांच के दौरान पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया, लेकिन 26 जून को कटंगी के तुल्ला बाबा की पहाड़ी में सैकड़ों गोवंश के सिर और अवशेष मिलने की घटना ने हिंदू संगठनों में और भी गहरा आक्रोश भर दिया। इसके परिणामस्वरूप बजरंग दल और अन्य हिंदूवादी संगठनों ने 28 जून को कटंगी बंद का आह्वान किया।

स्थानीय लोगों ने किया समर्थन

शुक्रवार की सुबह से ही सैकड़ों संगठन कार्यकर्ता सड़क पर उतरे और स्थानीय लोगों ने भी इस बंद का व्यापक समर्थन किया। इस कारण आज कटंगी में न ही दुकानें खुली और न ही स्कूल। सभी ने एक स्वर में गोवंश के हत्यारों को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की है। इस विरोध के चलते जबलपुर-दमोह मार्ग पर पिछले दो घंटे से जाम लगा हुआ है। प्रदर्शनकारियों ने सड़क को पूरी तरह से ब्लॉक कर दिया है, जिस कारण दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गई हैं। बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने वाहन चालकों से गोमाता के सम्मान में सहयोग की अपील की। दरअसल, 26 जून को कटंगी में सैकड़ों जानवरों के सिर और अवशेष मिलने के बाद प्रशासन ने एक जांच रिपोर्ट सार्वजनिक की थी। हालांकि, हिंदू संगठनों ने इस रिपोर्ट का विरोध करते हुए आरोप लगाया है कि यह रिपोर्ट जल्दबाजी में तैयार की गई है और उसमें सही तरीके से जांच नहीं की गई है।

[dgv_vimeo_video id=”970452964″]

अवशेष का किया गया शव परीक्षण

प्रशासन के अनुसार, कटंगी के तुल्ला बाबा पहाड़ी में मृत जानवरों के अवशेष मिलने के बाद प्राथमिक जांच SDM, SDOP, CMO, तहसीलदार, थाना प्रभारी और पशु चिकित्सक से कराई गई थी। पशु चिकित्सक द्वारा अवशेष का शव परीक्षण भी किया गया। इस जांच में मृत जानवरों की कुल संख्या 57 पाई गई, जिनमें से अवशेष डेढ़-दो माह से लेकर सवा दो वर्ष तक पुराने हैं। इन अवशेषों में अधिकतम पांच ही गोवंश के होने की पुष्टि हुई है। तीन पसली अवशेष को देखकर ऐसा प्रतीत होता है कि उन्हें धारदार हथियार से काटा गया है, लेकिन यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि उक्त पसली गोवंश की ही हैं।

संदीप कुमार, जबलपुर

Sanjucta Pandit
लेखक के बारे में
Sanjucta Pandit

सीनियर कंटेंट राइटर · डिप्लोमा इन मास कम्युनिकेशन, बीए. 2022 से MP Breaking News में; पहले लाइव इंडिया, VIP News Channel और Khabar Bharat में कार्य.

मैं संयुक्ता पंडित वर्ष 2022 से MP Breaking में बतौर सीनियर कंटेंट राइटर काम कर रही हूँ। डिप्लोमा इन मास कम्युनिकेशन और बीए की पढ़ाई करने के बाद से ही मुझे पत्रकार बनना था। जिसके लिए मैं लगातार मध्य प्रदेश की ऑनलाइन वेब साइट्स लाइव इंडिया, VIP News Channel, Khabar Bharat में काम किया है। पत्रकारिता लोकतंत्र का अघोषित चौथा स्तंभ माना जाता है। जिसका मुख्य काम है लोगों की बात को सरकार तक पहुंचाना। इसलिए मैं पिछले 5 सालों से इस क्षेत्र में कार्य कर रही हुं। View all posts by Sanjucta Pandit →
Follow Us :GoogleNews