
Lokayukta police Jabalpur arrested revenue inspector accepting bribe
जबलपुर लोकायुक्त पुलिस ने राजस्व विभाग में पदस्थ निरीक्षक को 80 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए मंगलवार की सुबह रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। राजस्व निरीक्षक एक व्यापारी से उसकी जमीन का सीमांकन करने के बदले रिश्वत मांग रहा था, लोकायुक्त पुलिस ने आरोपी राजस्व निरीक्षक के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धाराओं में मामला पंजीबद्ध कर लिया है।
लोकायुक्त कार्यालय जबलपुर से मिली जानकारी के मुताबिक जबलपुर निवासी व्यापारी रोहित जैन ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर ग्राम क्लोन तहसील शहपुरा में मटर प्लांट के लिए जमीन खरीदी थी, जिसका नामाकंन हो चुका था, पर सीमांकन होना बाकी था। इसके लिए रोहित जैन ने शहपुरा में पदस्थ राजस्व निरीक्षक करण सिंह से संपर्क किया, उन्होंने सारे दस्तावेज मांगे, और देखने के बाद कुछ खामियां निकाली, जिसे व्यापारी ने पूरा कर दिया, इसके बाद करण सिंह के द्रारा 1 लाख रुपए की मांग की गई।
जमीन सीमांकन के लिए 1 लाख रुपये की मांग
रोहित जैन का कहना था कि सीमांकन के लिए जितनी बार करण सिंह से मुलाकात की, उन्होंने हर बार कोई ना कोई बहाना बना दिया। सोमवार को रोहित जैन ने लोकायुक्त एसपी को लिखित में शिकायत दी, जिसका सत्यापन करवाने के बाद पाया गया कि करण सिंह रुपए के लिए परेशान कर रहा है। रोहित का कहना था कि रिश्वत के रुपए कम करने को तैयार नहीं था।
80 हजार रुपये रिश्वत लेते राजस्व निरीक्षक गिरफ्तार
रिश्वत मांगे जाने का प्रमाण मिलने के बाद पुलिस ने ट्रैप प्लान किया, राजस्व निरीक्षक करण सिंह लोधी ने रिश्वत की राशि देने के लिए अपने घर बुलाया, मंगलवार को रतन कालोनी जबलपुर स्थित करण सिंह लोधी ने जब रोहित जैन से रिश्वत की राशि 80 हजार रुपये ली, उसी दौरान लोकायुक्त पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

